हरियाणा में आज में 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इनमें अंबाला, करनाल और पंचकूला शामिल हैं। वहीं लगातार बारिश से हरियाणा की जीटी रोड बेल्ट ज्यादा प्रभावित हुई। यहां करीब 9 जिलों के 600 गांव पानी से प्रभावित हैं। सबसे बुरी हालत अंबाला की है, जहां अभी भी 40% हिस्से में पानी भरा हुआ है।
वहीं कैथल में घग्गर नदी खतरे के निशान से 3 फीट ऊपर बह रही है। जिससे यहां 12 गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व से निर्धारित अर्बन लोकल बॉडीज (ULB) की मीटिंग को रद कर दिया है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को ग्राउंड में रहने के निर्देश दिए हैं
बारिश के जलभराव की वजह से अंबाला से निकलकर जाने वाली 7 बड़ी रोड बंद हो गई हैं। इनमें अंबाला-चंडीगढ़, अंबाला-सहारनपुर, अंबाला-दिल्ली, अंबाला-जालंधर, अंबाला-हिसार, अंबाला-यमुनानगर नेशनल हाईवे और अंबाला-पंचकूला वाया बरवाला हाईवे को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
अंबाला में रोड बंद होने से पंजाब, हिमाचल, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और UP-उत्तराखंड से संपर्क टूट गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने अलर्ट जारी करते हुए वाहन चालकों से अपील की है कि वह इन हाईवेज पर यात्रा न करें।
राज्य में अब तक बारिश के दौरान 9 लोगों की मौत हो चुकी है। यह मौतें पंचकूला, करनाल, यमुनानगर व अन्य जिलों में हुई हैं।
