सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब यमुना नदी में नहाने गए दो सगे भाई तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। दोनों भाई गांव सनपेड़ा के रहने वाले हैं और सुबह यमुना घाट पर नहाने के लिए पहुंचे थे। नहाते समय अचानक पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों नदी में गहरे पानी की तरफ चले गए और देखते ही देखते डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना प्रशासन को दी गई, जिसके बाद दोनों भाइयों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रशासनिक टीम नदी में दोनों किशोरों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, घटना के बाद से दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।

