हरियाणा के नारनौल में फाइनेंसरों से तंग आकर एक परिवार ने नशीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जिसमें दम्पति सहित एक बेटे की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य बेटा गंभीर हैं। जिसको इलाज के लिए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया है। मृतकों के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें कुछ लोगों के नाम हैं। जिन्होंने उनका आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ले के रहने वाले करीब 45 वर्षीय आशीष ग्रोवर ने दिल्ली दरवाजा के पास जनरल स्टोर की दुकान की हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष ग्रोवर अपनी पत्नी 43 वर्षीय रूपेंद्र कौर बड़े लड़के 22 वर्षीय गगनदीप तथा छोटे लड़के 18 वर्षीय शुभदीप उर्फ सोनू को लेकर थार गाड़ी में सवार होकर अटेली की तरफ गया। वहां पर कनीना बाईपास पर गांव तुर्कीयावास के नजदीक चारों रात को करीब 9:30 बजे गाड़ी के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर अवस्था में मिले। जिस पर पुलिस ने सभी को नागरिक अस्पताल में पहुंचा। जहां पर डॉक्टर ने रूपेंद्र कौर व सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ देर बाद आशीष की भी मौत हो गई। वहीं गगनदीप की गंभीर हालत के चलते उनको आगामी उपचार के लिए पीजीआई एस रोहतक रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें आशीष ग्रोवर ने लिखा है कि कुछ फाइनेंसर उस पर पैसे का दबाव बना रहे थे। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है
