जू प्रबंधन ने 20 साल बाद चिड़ियाघर घूमने की टिकट दरों में संशोधन किया है। अब बच्चों को 4 गुना और बड़ों को 3 गुना पैसे चुकाने होंगे। यानी बच्चों से 20 रुपए और बड़ों से 30 रुपए वसूल किए जाएंगे। प्रदेश के मुख्य प्राणी वार्डेन के आदेश पर टिकट की संशोधित दरें 15 अप्रैल से लागू होंगी। पैसे बढ़ाने के पीछे अधिकारियों का तर्क है कि मिनी जू में वन्य प्राणियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसको लेकर ये फैसला लिया गया है। वन्य प्राणी विभाग की ओर से टिकटों की दरों को संशोधित करने की सिफारिश चंडीगढ़ मुख्यालय की गई थी। जिसे अब शीर्ष अधिकारियों ने मान लिया है।
इसके पहले वर्ष 2002 में टिकट की दरों में बदलाव करते हुए बच्चों की टिकट 5 रुपए और बड़ों की टिकट की दर 10 रुपए की गई थी। तब जू में वन्य जीवों की तादात भी कम थी। फिलहाल 45 प्रजाति के वन्य जीवों से चिड़ियाघर आबाद हैं। अभी यहां पर बब्बर शेर, बंगाल टाइगर, तेंदुआ, भालू, मगरमच्छ, घड़ियाल, कछुआ, शुतुरमुर्ग, लकड़बघ्घा, चीतल, चौसिंहा, हिमालयन गोरिल, बार्किंग डीयर के अलावा विविध प्रजाति के पक्षियों का कुनबा पर्यटकों का मनोरंजन करने को तैयार है।
मुख्य वन्य प्राणी वार्डेन के आदेश पर चिड़ियाघर की टिकट की संशोधित दरें 15 अप्रैल से लागू कर दी जाएंगी। नई दरों के मुताबिक अब बच्चों का टिकट 20 रुपए और बड़ों का टिकट 30 रुपए में काउंटर पर उपलब्ध होगा। -देवेंद्र हुड्डा, वन्य प्राणी निरीक्षक तिलियार जू।
