रोहतक, 26 जून : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 4 व 5 जुलाई 2026 को आयोजित करवाई जा रही हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 के पारदर्शी व नकल रहित आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये जाये। परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाये। इस परीक्षा को बोर्ड द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार सुचारू ढंग से संपन्न करवाना सुनिश्चित किया जाये।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की तैयारियों के लिए आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को सांयकालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी तथा 5 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा एवं सायं कालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित होगी। जिला में एचटेट परीक्षा के लिए 27 परीक्षा केंद्र स्थापित किये गए है, जिनमें से 4 जुलाई को 18 परीक्षा केंद्रों तथा 5 जुलाई को 27 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा आरंभ होने से 2 घंटे 10 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी तथा परीक्षा केंद्र में प्रवेश के बाद परीक्षा समाप्ति तक बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल, घड़ी, पेजर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा आरंभ होने से एक घंटा पूर्व तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जायेगी अर्थात प्रातः कालीन सत्र में 9 बजे एवं सायं कालीन सत्र में 2 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर मैटल डिटेक्टर से अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच की जायेगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in के माध्यम से अपने आबंटित परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते है। इस परीक्षा में परीक्षा केंद्र पर ऐसे कर्मचारी की डयूटी न लगाई जाये, जिस पर ऐसे कर्मचारी का कोई रिश्तेदार अभ्यर्थी के तौर पर परीक्षा में भाग ले रहा हों। परीक्षा डयूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी पूर्ण ईमानदारी व कत्र्तव्यपरायणता से डयूटी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों की जांच की जाये तथा सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाये। गर्मी के मौसम के दृष्टिïगत पेयजल की विशेष व्यवस्था करवाई जाये। सुरक्षा की दृष्टि से भी परीक्षा केंद्रों में सभी आवश्यक प्रबंध किये जाये।
सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा निर्धारित अवधि तक अपने कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाये। उन्होंने कहा कि नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थियों को 20 मिनट प्रति घण्टा के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र पहनने, बिन्दी व सिंदूर लगाने की ही छूट होगी। अन्य किसी प्रकार के आभूषण जैसे अंगूठी, चैन, बालियां इत्यादि ले जाने की स्वीकृति नहीं होगी। सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक आस्था के चिह्न ले जाने की अनुमति होगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि बोर्ड द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों में समय पर जैमर, बायोमेट्रिक डाटा कैप्चरिंग, वीडियोग्राफी, सी.सी.टी.वी. कैमरे लगवाना सुनिश्चित किया जाये। अभ्यर्थियों की जांच के लिए मैटल डिटैक्टर इत्यादि की व्यवस्था करवाई जाये और आवश्यकतानुसार बैरिकैंडिंग भी करवाई जाये। अभ्यर्थियों की पहचान के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करवाई जायेगी। बोर्ड द्वारा समय पर बायोमेट्रिक सुनिश्चित करवाई जाये। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्रों को जिला खजाना कार्यालय में पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों में रखा जायेगा तथा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पुलिस सुरक्षा भी प्रदान की जायेगी। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिये कि परीक्षा के दिन जिला में स्थित परीक्षा केंद्रों के नजदीक डॉक्टरों की टीम सहित एंबुलेंस तैनात की जाये तथा इनमें ओआरएस के अलावा आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध हों।
सचिन गुप्ता ने कहा कि परीक्षा केंद्र में बिना पहचान-पत्र किसी भी अधिकारी/कर्मचारी का प्रवेश नहीं होगा, इसलिए सभी अधिकारी/कर्मचारी अपना पहचान-पत्र साथ लेकर ही परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहें तथा परीक्षा केंद्र पर नियुक्त स्टाफ द्वारा भी परीक्षा के दौरान गले में फोटोयुक्त पहचान-पत्र डालकर रखा जाना अनिवार्य है। फर्म की ओर से नियुक्त कर्मचारी जैसे कैमरा-मैन, बायोमैट्रिक-मैन, सीसीटीवी इत्यादि के लिए भी फोटोयुक्त पहचान-पत्र पहनना अनिवार्य है।
बैठक में निगम आयुक्त कम अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों से संबंधित विद्यालयों/शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


