हरियाणा के जींद जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जींद पुलिस ने एक व्यापारी से हर महीने 1 लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले गिरोह के 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के निर्देश पर नरवाना शहर थाना पुलिस और CIA स्टाफ टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जींद जिले के काब्रच्छा गांव निवासी अमरजीत उर्फ बच्ची, प्रवेश, मयंक, राहुल और सचिन के रूप में हुई है।
मॉडल टाउन निवासी व्यापारी नरेश जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 मई को कुछ युवक उनकी दुकान पर पहुंचे थे। आरोपियों ने सुरक्षा देने के नाम पर हर महीने 1 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
शिकायत मिलने के बाद नरवाना शहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। CIA स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक सुखदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांचों आरोपियों का सिर मुंडवाकर शहर के मुख्य मार्गों पर घुमाया। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य लोगों के मन से बदमाशों का डर खत्म करना और समाज में यह संदेश देना था कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
