पानीपत के विकास नगर में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चियों की माैत हो गई। दोनों खेलते हुए गोदाम में कपड़े की गांठ में दब गई। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग गोदाम में काम करते हैं। हादसा सुबह के समय हुआ।

हरियाणा के पानीपत में एक धागा गोदाम में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां भारी धागे के बंडल गिरने से दो बच्चियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह तीन बच्चियां अपने माता-पिता के साथ गोदाम पहुंची थीं और बंडलों के पास खेल रही थीं।

इसी दौरान 500-500 किलो के दो धागे के बंडलों का संतुलन बिगड़ गया और वे बच्चियों के ऊपर गिर गए। हादसे में दो बच्चियों की दम घुटने और चोट लगने से मौत हो गई, जबकि तीसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृत बच्चियों के माता-पिता इसी गोदाम में मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, भैंसवाल रोड पर स्थित खड़ंजा रोड के पास श्री लक्ष्मी फैक्ट्री में हादसा हुआ। फैक्ट्री के गोदाम में रोजाना की तरह मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान पेरेंट्स के साथ गोदाम में आईं तीन बच्चियां खेल रही थीं जो हादसे का शिकार हो गईं।

मृतक बच्चियों की पहचान साढ़े 4 वर्षीय प्रज्ञा और ढाई वर्षीय सोनम के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल तीसरी बच्ची की पहचान रोशनी (5) के रूप में हुई। तीनों बच्चियां जब आपस में खेल रही थीं, तभी ऊपर सटाकर रखी गईं 500 किलोग्राम की धागे की दो बड़ी गांठें (बंडल) अचानक उनके ऊपर भरभरा कर गिर गईं और तीनों उसके नीचे दब गईं।

हादसा होते ही गोदाम में चीख-पुकार मच गई। वहां काम कर रहे परिजनों और अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में भारी गांठों को हटाकर तीनों बच्चियों को बाहर निकाला और तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल लेकर दौड़े। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने प्रज्ञा और सोनम को मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के मुताबिक, भारी वजन के नीचे दबने से बच्चियों का दम घुट गया था। वहीं, तीसरी बच्ची रोशनी (5 वर्ष) की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कर लिया, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!