शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा है कि राज्य सरकार जल्द ही दशकों पुरानी आवासीय कॉलोनियों अथवा सोसायटीयों में कमर्शियल गतिविधियों को मंजूरी प्रदान करने जा रही है। डॉ. गुप्ता आज रोहतक में पालिका बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित व्यापारियों को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा स्वामित्व योजना के तहत व्यापारियों को उनकी दुकानों का मालिकाना हक प्रदान करने के उपलक्ष में आयोजित किया गया था।

डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में दशकों पुरानी ऐसी कॉलोनियां अथवा सोसाइटीज है, जहां पर व्यावसायिक गतिविधियां चल रही है, लेकिन उन्हें मान्यता नहीं है। इसी के मद्देनजर सरकार ने एक अधिनियम पास किया है, जिसके तहत उपरोक्त कॉलोनियों में कमर्शियल गतिविधियों को मान्यता प्रदान कर दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों के हित में राज्य सरकार ने ट्रेड लाइसेंस को भी समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों के मद्देनजर ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 20 साल से अधिक समय से शहरी स्थानीय निकाय विभाग की दुकानों पर अपना व्यापार चलाने वाले व्यापारियों के लिए विधानसभा में कानून पास करवाया। 

मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि कानून बनने के बाद 7000 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 4000 दुकानों का किराया शहरी स्थानीय निकाय द्वारा दिया जा रहा था, लेकिन शेष दुकाने अन्य विभागों की संपत्ति थी। इस संबंध में उन्होंने कहा कि शीघ्र ही एक ऐसा कानून लाया जाएगा, जिसके तहत अन्य विभागों की दुकानों का मालिकाना हक भी संबंधित व्यापारियों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि 31 मार्च से पहले-पहले यह कार्य पूर्ण हो जाए। डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि व्यापार का धंधा कर रहे लोग व्यापारी होने के साथ-साथ देश के नागरिक भी है इसलिए उन्हें देश के सशक्तिकरण के बारे में भी सोचना चाहिए। 

डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि आजादी के बाद देश में कई सरकारें बनी, लेकिन देश सशक्त नहीं हुआ था। बाबर ने भारत की संस्कृति व मंदिरों को तोड़ा। लेकिन आजादी के बाद की सरकारों ने इस दिशा में कोई कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज सशक्त देश है। भाजपा की सरकार ने राम मंदिर व काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण करवाया। उन्होंने कहा कि 190 से अधिक देशों में भारत की प्राचीन पद्धति योग को मान्यता दी गई। यूएनओ में हिंदी को सातवीं भाषा के रूप में मान्यता मिली। भारत के सशक्त होने के वजह से ही भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर लाने के लिए रूस व यूके्रन ने 2 दिन युद्ध को रोका। उन्होंने कहा कि अब पाक अधिकृत कश्मीर से भी जनता की आवाज उठने लगी है कि उन्हें भारत का हिस्सा बनाया जाए।

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के आह्वान पर लोगों को अपनी स्वयं की जरुरत की वस्तुओं का उत्पादन शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की व्यापारी हितैषी नीतियों के चलते चारों ओर उद्योग स्थापित हो रहे हैं और बड़ी संख्या में बेरोजगारों को रोजगार मिल जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस के शासन में बेरोजगारी का आंकड़ा बढ़ा था। ग्रोवर ने कहा कि व्यापारियों के हित में निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया। कानून व योजनाएं बनाकर व्यापारियों को अनेक सौगात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दी है। मुख्यमंत्री व्यापारी सामूहिक निजी दुर्घटना बीमा योजना के तहत पंजीकृत व्यापारियों के प्रीमियम का भुगतान सरकार द्वारा किया गया है। इसी प्रकार से मुख्यमंत्री व्यापारी क्षतिपूर्ति की बीमा योजना के तहत भी पंजीकृत व्यापारियों के प्रीमियम का भुगतान राज्य सरकार ने किया है। व्यापारियों की सुविधा हेतु माल के अंतर राज्य आवागमन के लिए ई-वे बिल योजना क्रियान्वित की है।

हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बालकिशन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल व्यापारियों के स्वाभिमान व सुविधा की चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल व्यापारियों की समस्याओं को समझते हैं और उनका एक-एक करके स्थाई समाधान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री व्यापारी क्षतिपूर्ति के लिए बजट में भी प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों को इस बात का अध्ययन अवश्य करना चाहिए कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने अब तक उन्हें कौन-कौन सी सौगात व सुविधाएं प्रदान की है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य गुलशन निझावन ने आए हुए मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यक्रम में मौजूद व्यापारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करने आए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने व्यापारियों को दुकानों का जो मालिकाना हक दिलाया है उसके लिए आने वाली पीढ़ी भी याद रखेगी।

इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय बंसल, विजय लक्ष्मी चंद गुप्ता, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सोम मलिक, हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के जिला अध्यक्ष राजेश टीनू लुंबा, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक हैप्पी अनेजा, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, रमेश भाटिया, नरेंद्र खटर, पवन तायल, गुलशन दुआ, बिट्टू टक्कर, ईश्वर सिंघल, धीरज चावला, पवन आहूजा, कपिल नागपाल, ओमप्रकाश बागड़ी, सूरजमल किलोई, सतीश आहूजा, प्रतिभा सुमन, हर्ष गिरधर, सुन्दर नागपाल, सुनील कत्याल, रमेश अत्री, बंटी बठला व कुलविंदर सिक्का आदि मौजूद थे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!