ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने पंजाब और चंडीगढ़ के 8 शहरों पर रॉकेट दागे। हालांकि इंडियन आर्मी ने उन्हें आसमान में ही न्यूट्रीलाइज कर दिया। इसके बाद हरियाणा में भी हाई अलर्ट कर दिया गया है।
CM नायब सैनी ने स्थिति की निगरानी के लिए अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। इसके अलावा डॉक्टरों समेत सेहत विभाग, फायर ब्रिगेड और पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के हेडक्वार्टर छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इमरजेंसी हालात से निपटने के लिए इमरजेंसी में 25% बैड रिजर्व रखवा लिए गए हैं।
इसके अलावा इमरजेंसी के बारे में सूचना देने के लिए 48 घंटे में प्रदेश के सभी साढ़े 7 हजार गांवों में सायरन लगाने को कहा गया है। इसके लिए 48 घंटे का टाइम दिया गया है।
उधर, हिसार एयरपोर्ट पर एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी गई है। एयरपोर्ट के अंदर विजिटर्स और पैसेंजर की एंट्री नहीं हो पाएगी।
इससे पहले कल (7 मई) को हरियाणा में युद्ध के हालात से निपटने की तैयारियां परखी गईं थीं। पहले मॉक ड्रिल, फिर ब्लैकआउट किया गया था।

इमरजेंसी जैसी स्थिति से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने हेल्थ विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इसको लेकर 8 मई को स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक की ओर से सभी चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) को पत्र जारी कर दिया गया है। इस पत्र में लिखा- आपके अधीन आने वाले अधिकारी व कर्मचारी बिना मंजूरी के जिला मुख्यालय नहीं छोड़ सकते हैं और न ही अवकाश पर जा सकते हैं। किसी भी प्रकार का आदेश आगामी आदेशों तक मंजूर नहीं किया जाएगा। अगर किसी को इमरजेंसी में अवकाश लेना है तो महानिदेशक की मंजूरी के बिना नहीं दिया जाएगा
फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के लिए जारी निर्देश…
जरूरी व्यक्तिगत आपातकाल के मामलों को छोड़कर अगले आदेश तक कोई छुट्टी की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी मंजूर छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द रहेंगी।
- सरकार ने डॉक्टरों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। ऑपरेशन हेल्थ विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं।
- इसके साथ सरकारी और निजी अस्पतालों को इमरजेंसी के लिए 25% बेड रिजर्व रखने के निर्देश दिए हैं।
- हिसार एयरपोर्ट पर एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी गई है। सुरक्षा कारणों के चलते गाइडलाइंस को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसका फैसला लिया है।
