पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक के बाद भारत ने 7 राज्यों के 11 एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट्स ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। श्रीनगर, जम्मू, लेह, चंडीगढ़, बीकानेर, जोधपुर, राजकोट, धर्मशाला, अमृतसर, भुज और जामनगर में उड़ानें रोकी गई हैं। यह एयरपोर्ट्स पाकिस्तान बॉर्डर से लगे हुए हैं। एअर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एअर इंडिया ने 9 शहरों के लिए लिए सभी उड़ानें 10 मई की सुबह 05:29 बजे तक रद्द कर दी है।

ये शहर हैं- जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट। देशभर में इंडिगो एयरलाइंस की 160 डोमेस्टिक फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट भी पर अलग-अलग एयरलाइंस की 20 फ्लाइट्स कैंसिल हुई है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के कई जिलों में स्कूल और शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं। महत्वपूर्ण संस्थानों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ाई जा सकती है।

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। तमिलनाडु के त्रिची एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां CISF (सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्सेज) के जवान स्निफर डॉग्स के साथ एयरपोर्ट कैंपस की जांच कर रहे हैं।

ग्वालियर, किशनगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली इंडिगो फ्लाइट्स के ऑपरेशन पर भी असर पड़ा है। इंडिगो ने पैसेंजर्स से अपील की है कि वे एयरपोर्ट पर पहुंचने से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें।

एअर इंडिया ने सभी पैसेंजर्स के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। एयरलाइन ने कहा है कि जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट के लिए एअर इंडिया की उड़ानें 10 मई की सुबह 05:29 बजे तक रद्द की जा रही हैं। 10 तारीख तक की टिकट रखने वाले पैसेंजर्स बुकिंग रिशेड्यूल कर सकते हैं। पैसेंजर्स चाहे तो उन्हें टिकट का फुल रिफंड भी दिया जाएगा। अधिक जानकारी के हेल्पलाइन नंबर 011-69329333 / 011-69329999 पर कॉल कर सकते हैं।

पंजाब के फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, अमृतसर और गुरदासपुर के सभी स्कूल बुधवार को बंद रहेंगे। वहीं पठानकोट के सभी स्कूल अगले 72 घंटों तक बंद रहेंगे। अमृतसर एयरपोर्ट से चलने वाली सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 10 मई 2025 की सुबह 5:30 बजे तक रोक दी गई हैं। यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है।

बीकानेर सिविल एयरपोर्ट से सारी फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। सुबह फ्लाइट पकड़ने आए कई लोग वापस लौट गए।बीकानेर में सभी अफसरों/कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। सभी को जिला मुख्यालय नहीं छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। राजस्थान में पाकिस्तान से सटे बॉर्डर के जिले जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई है। इन जिलों में एग्जाम भी चल रहे थे, जिन्हें फिलहाल टाल दिया गया है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर 35 फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। इनमें दिल्ली से उड़ान भरने वाली 23 डोमेस्टिक और 4 इंटरनेशनल फ्लाइट्स के अलावा यहां लैंड करने वाली 8 फ्लाइट्स शामिल हैं। दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का सबसे व्यस्ततम एयरपोर्ट है। यहां दिन भर में 1300 से ज्यादा फ्लाइट लैंड या टेकऑफ करते हैं। भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच पाकिस्तानी एयर स्पेस में एक भी फ्लाइट नहीं उड़ रही है। वहीं, भारत ने पाकिस्तान बॉर्डर से सटे राज्यों में उड़ानें रद्द कर दी हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात और राजस्थान शामिल हैं। देशभर में इंडिगो की 160 डोमेस्टिक फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर अलग-अलग एयरलाइंस की 20 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ी है।

भारत-पाकिस्तान के बीच हुए तनाव के चलते करतारपुर कॉरिडोर को भी बंद कर दिया गया है। यहां से सिख श्रद्धालु पाकिस्तान में करतारपुर साहिब के दर्शन करने जाते थे। जहां गुरू नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम दिन गुजारे थे। यहां से बुधवार को 491 श्रद्धालुओं ने जाना था। इनमें से 60 श्रद्धालु वहां पहुंचे तो उन्हें लौटा दिया गया। पहलगाम हमले के बाद भारत से पाकिस्तानी नागरिकों को वापस लौटाने के फैसले के बावजूद इस कॉरिडोर पर तब रोक नहीं लगाई गई थी।

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने अमृतसर, जम्मू, श्रीनगर और हिंडन आने-जाने वाली उड़ानें 7 मई की दोपहर तक रद्द कर दी है। एयरलाइंस ने लिखा, ‘असुविधा के लिए खेद है। सभी यात्रियों से अपील करते हैं कि अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें। फ्लाइट से जुड़े अलर्ट और नोटिफिकेशन के लिए चैट विद टिया पर बात करें।’ हेल्पलाइन नंबर: +91 63600 12345

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!