करनाल में चाकू-डंडों से हमला, 19 वर्षीय आर्यन की मौत; परिवार का इकलौता बेटा था मृतक, परिजनों की एनकाउंटर की मांग
करनाल। हरियाणा के करनाल में युवकों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में 19 वर्षीय आर्यन की मौत हो गई। आरोप है कि सेक्टर-14 की मेन मार्केट में कार सेल-परचेज ऑफिस के ऊपर बने कमरे में हुक्का पी रहे आर्यन और उसके तीन दोस्तों पर लाठी-डंडों व चाकू से हमला किया गया। हमले में आर्यन की छाती और सिर पर धारदार हथियार से वार किए गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चंडीगढ़ PGI रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजन आरोपियों के एनकाउंटर की मांग पर अड़े हुए हैं और उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आर्यन का करीब एक महीने पहले आरोपियों से झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में हमला किए जाने का आरोप है। उधर, वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मार्केट में कुछ युवक मारपीट करने के बाद भागते दिखाई दे रहे हैं।
दोपहर 3 बजे कमरे में पहुंचे हमलावर
करनाल के मॉडल टाउन निवासी साहिब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने दोस्तों आर्यन, करण वर्मा और चिराग के साथ सेक्टर-14 की मेन मार्केट में कार बिक्री कार्यालय के ऊपर बने कमरे में मौजूद था। चारों वहां हुक्का पी रहे थे।
साहिब के मुताबिक, इसी दौरान दक्ष, उत्कर्ष, हरदीप, भव्य, काकुन तनेजा और प्रिंस गुज्जर समेत 8 से 10 अन्य युवक कमरे में पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों के पास लाठी-डंडे और चाकू थे। कमरे में घुसते ही उन्होंने आर्यन और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया।
आर्यन की छाती और सिर पर किए वार
शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने आर्यन की छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किए। उसके सिर पर भी कई चोटें मारी गईं। साहिब और उसके दोस्तों ने आर्यन को बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान साहिब और हरीश उर्फ करण को भी चोटें आईं।
आरोप है कि वारदात के बाद हमलावर चाकू और डंडे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मार्केट में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत
हमले के बाद दोस्तों ने आर्यन को कमरे से नीचे उतारा। उसके शरीर से काफी खून बह रहा था। लोगों की मदद से निजी गाड़ी का इंतजाम कर उसे नागरिक अस्पताल, करनाल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया।
इसके बाद दोस्त उसे विर्क अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से भी उसे बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया। हालांकि, PGI ले जाते समय रास्ते में आर्यन की मौत हो गई। मेडिकल रिपोर्ट में उसके शरीर पर धारदार वस्तु से लगी तीन चोटें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
परिवार का इकलौता बेटा था आर्यन
आर्यन अपने पिता के साथ दिल्ली में रहता था और परिवार का इकलौता बेटा था। वह करीब एक साल पहले दिल्ली गया था, जहां अपने पिता के साथ गाड़ी चलाने का काम करता था।
परिजनों के अनुसार, आर्यन जब छह महीने का था, तभी उसकी मां का निधन हो गया था। इसके बाद उसकी दादी ने उसकी देखभाल की और उसे बड़ा किया। परिवार में अब उसके पिता, दादी और बड़ी बहन हैं। आर्यन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एक महीने पहले हुए झगड़े की रंजिश में हमले का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आर्यन का करीब एक महीने पहले कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह दिल्ली चला गया था। बताया जा रहा है कि वह दो-तीन दिन पहले ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए करनाल लौटा था।
आरोप है कि उसके वापस आने की जानकारी मिलने के बाद हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच पुलिस कर रही है।
मारपीट का वीडियो आया सामने
सोमवार शाम हुई वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में मार्केट में कुछ युवक मारपीट करते और फिर मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बहन के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर मारपीट किए जाने की बात भी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस मामले से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश, छेड़छाड़ से जुड़ा विवाद या अन्य कारण होने के संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
परिजन एनकाउंटर की मांग पर अड़े, पोस्टमॉर्टम से इनकार
आर्यन की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार के सदस्य आरोपियों के एनकाउंटर की मांग पर अड़े हुए हैं और उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है।
परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ उनकी मांग के अनुरूप कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे। परिवार की इस मांग के बीच पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
छह नामजद समेत 8 से 10 अन्य के खिलाफ हत्या का केस
सिविल लाइन थाना प्रभारी विक्रांत के अनुसार, साहिब की शिकायत के आधार पर दक्ष, उत्कर्ष, हरदीप, भव्य, काकुन तनेजा और प्रिंस गुज्जर समेत 8 से 10 अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(3), 190, 115, 118(1), 103(1), 351(3) और 333 के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई विकास को सौंपी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

