हरियाणा के पानीपत शहर की जेएलएन नहर में लापता करियाना स्टोर दुकानदार का शव गुरुवार को आठवें दिन खुबडू झाल में मिला। इसके बाद सोनीपत पुलिस ने पानीपत पुलिस को इस बारे में सूचित किया। सोनीपत पुलिस ने अपनी कागजी कार्रवाई करते हुए पानीपत पुलिस की मौजूदगी में शव परिजनों के हवाले कर दिया है। परिजन शव को एंबुलेंस में रखकर पानीपत सिविल अस्पताल के लिए लेकर रवाना हो गए।
पुलिस अब इस मामले में पहले ही दिन नहर किनारे दुकानदार के कपड़ों से बरामद सुसाइड नोट के अनुसार आगामी कार्रवाई करेगी। सुसाइड नोट में रुपयों के लेन-देन का जिक्र है। सुसाइड नोट में करीब 8 लोगों के नाम लिखकर रुपए देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
दुष्यंत नगर निवासी नरेंद्र सिंह (50) की तहसील कैंप में करियाणा स्टोर की दुकान है। नरेंद्र के बेटे विक्रम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 20 जनवरी की सुबह छह बजे घर से निकले थे। सुबह आठ बजे दुकान पर सामान लेने आए ग्राहक ने सामान देने की आवाज लगाई। उन्होंने उठकर देखा तो दुकान बंद थी। इसके बाद पिता के फोन पर कॉल किया, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ मिला। पिता की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
बेटे की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर नरेंद्र सिंह की तलाश शुरु कर दी थी। विक्रम जब पिता को ढूंढते-ढूंढते 21 जनवरी को नहर किनारे पहुंचा तो उसकी शॉल और कपड़े मिले। कपड़ों से एक नोट मिला। जिसमें कुछ लोगों के नाम लिखे थे। साथ ही लिखा था कि इन सभी से मेरा रुपयों का लेन-देन था।
