गुरुग्राम। गुरुग्राम में गुरुवार तड़के सीआईए नूंह की टीम और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, काले रंग की थार में दो गायों को लेकर जा रहे तस्करों ने रोकने का प्रयास करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में साजिद उर्फ आडवाणी (27) की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गोलियां चलाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 4 बजे सिलानी मोड़ के पास हुई। सीआईए नूंह की टीम को गोतस्करी में शामिल आरोपियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने थार गाड़ी नंबर HR 51 BR 6483 का पीछा किया। पुलिस टीम ने जब गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने अंदर से ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में साजिद उर्फ आडवाणी घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या, डकैती समेत करीब दो दर्जन मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, साजिद उर्फ आडवाणी नूंह जिले के खरखड़ी गांव का रहने वाला था। उसे पशु तस्करी के मामलों में कुख्यात माना जाता था। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, पशु तस्करी और वाहन चोरी सहित करीब दो दर्जन मामले दर्ज थे। मार्च 2018 में उसे पटौदी से कार चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में एटीएम चोरी के मामले में घटनास्थल पर ले जाते समय वह पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया था।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। गाड़ी में मौजूद गायों की जांच के लिए पशु चिकित्सक को भी बुलाया गया। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।


