रोहतक से होकर गुजरने वाली जवाहर लाल नेहरू (JLN) नहर में मंगलवार को नहाने गए 2 युवक तेज बहाव के कारण डूब गए। जिनमें अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर अमित पंघाल के कोच का इकलौता बेटा भी शामिल है। मंगलवार को दिनभर दोनों युवकों की तलाश गोताखोर करते रहे, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
घटना के बाद अमित पंघाल ने ट्वीट करते हुए CM से मदद मांगी। उन्होंने लिखा कि पानी का तेज बहाव है, जिसके कारण तलाश कार्य में भी परेशानी हो रही है। साथ ही प्रशासन भी पीड़ित परिवार की मदद करे। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छाया हुआ है।
अमित पंघाल के चाचा राज नारायण पंघाल ने बताया कि अमित के कोच शिक्षा विभाग में डीपी के पद पर कार्यरत हैं। साथ ही MDU में कोचिंग भी कराते हैं। उनको दो बच्चे, एक बेटा व एक बेटी है। उनका इकलौता बेटा अंगद मंगलवार सुबह नहाने के लिए अपने दोस्त सौरभ के साथ गया था। उसके दोस्त ने बताया कि अंगद ने नहर में डुबकी लगाई, लेकिन वापस नहीं निकला। घटना के बाद ग्रामीणों ने जाम लगाते हुए सर्च में तेजी लाने की मांग की।
शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाना के कार्यकारी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि उन्हें युवक के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस और गोताखोरों की टीम अंगद की तलाश में जुटी हुई है। पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण परेशानी आ रही है। उम्मीद है कि उसे जल्द बाहर निकाल लिया जाएगा।
