चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास की हत्या मामले में एक नया मोड़ आ गया है। घटना के बाद अब एक कथित ऑडियो सामने आई है, जिसमें खुद को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों बताने वाला शख्स हत्या की जिम्मेदारी लेता सुनाई दे रहा है। हालांकि, इस ऑडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है।

वायरल ऑडियो में दावा किया गया है कि सेक्टर-11 में हुए मर्डर की जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों और राणा ढिल्लों लेते हैं। ऑडियो में धमकी देते हुए कहा गया है कि जिन लोगों को फोन किया गया है, यदि उन्होंने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। साथ ही लॉरेंस गैंग की आर्थिक मदद करने वालों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।

ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि हमलावरों का असली निशाना कौन था। पोस्ट में “कुमार ब्रदर्स” का जिक्र किया गया है, जबकि फायरिंग “श्री कुमार मेडिकल स्टोर” में हुई थी। ऐसे में जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं पहचान की गलती या किसी अन्य कारोबारी को संदेश देने की कोशिश तो नहीं की गई।

घटना के बाद मेडिकल मार्केट में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मार्केट के दोनों ओर पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। कुमार ब्रदर्स और कुमार एंड कंपनी के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चंडीगढ़ प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय बैठक की है।

चंडीगढ़ के एसएसपी ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी समर प्रताप सिंह के अनुसार, श्री कुमार मेडिकल स्टोर के मालिकों को पहले कभी किसी गैंगस्टर की ओर से धमकी मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं पुलिस की कई टीमें पंजाब और चंडीगढ़ में आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

शनिवार दोपहर हुई इस वारदात में तीन हमलावर बाइक पर सवार होकर मेडिकल स्टोर पहुंचे थे। दो बदमाश दुकान के अंदर घुसे और ऑटोमैटिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में कैशियर जानकी दास की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर चुकी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

इस बीच, इसी मार्केट के दो अन्य केमिस्ट कारोबारियों को भी कथित तौर पर फिरौती और धमकी भरे कॉल मिलने की सूचना मिली है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को संगठित अपराध और गैंगवार के एंगल से भी जांच रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!