कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को लीवर से जुड़ी समस्या सामने आने के बाद सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई के नेहरू अस्पताल एक्सटेंशन के हेप्टोलॉजी वार्ड में एडमिट किया गया है। डॉक्टर्स के मुताबिक सिद्धू फिलहाल उनकी निगरानी में हैं। उनकी हालत अभी स्थिर है।
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू इस वक्त पटियाला सेंट्रल जेल में एक साल कैद की सजा काट रहे हैं। सिद्धू को 34 साल पुराने रोड रेज केस में सुप्रीम कोर्ट से एक साल की सजा हुई। उन्हें कल कड़ी सुरक्षा में पटियाला जेल से PGI लाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही है।
सिद्धू ने जेल में खुद को लिवर की प्रॉब्लम बताई है। सिद्धू ने कहा कि उन्हें गेहूं से भी एलर्जी है, इसलिए उन्होंने जेल की दाल-रोटी नहीं खाई। इसकी जगह वह सिर्फ फल और सलाद खा रहे थे। इसके लिए सिद्धू ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद राजिंदरा अस्पताल के डॉक्टरों के बोर्ड ने सिद्धू का डाइट प्लान तैयार किया था।
Navjot S Sidhu admitted in Heptology ward, PGIMER, Chandigarh today due to liver-related problems & requires further evaluation; condition stable: PGIMER
— ANI (@ANI) June 6, 2022
He was sent to Patiala jail on May 20 after SC imposed 1-yr rigorous imprisonment on him in the 1988 road rage case pic.twitter.com/QpRcl29pdj
नवजोत सिद्धू को सुप्रीम कोर्ट ने बामशक्कत कैद की सजा सुनाई है। सुरक्षा देखते हुए उनसे जेल की फैक्ट्री या बेकरी में काम नहीं लिया जा रहा। सिद्धू को जेल ऑफिस का काम सौंपा गया है। वह बैरक में रहकर ही फाइलें देखेंगे। सिद्धू को अभी काम के बदले कोई वेतन नहीं मिलेगा। अभी वह अकुशल कर्मचारी हैं। 3 महीने बाद उन्हें अर्धकुशल होने पर 30 रुपए प्रतिदिन और फिर कुशल होने पर 90 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे।
