नीले ड्रम में पति की लाश सीमेंट से दफन करने वाली मुस्कान रस्तोगी ने बेटी को जन्म दिया है। डॉक्टरों ने 24 नवंबर की शाम 6.50 बजे नॉर्मल डिलीवरी कराई। खास बात यह है कि मुस्कान जिस पति सौरभ की हत्या में जेल में बंद है, उसका जन्म भी 24 नवंबर को ही हुआ था।

यह मुस्कान की दूसरी बेटी है। बड़ी बेटी पीहू अपने नाना-नानी के साथ रहती है। 23 नवंबर की रात मुस्कान का जेल के डॉक्टरों ने चेकअप किया। फिर अल्ट्रासाउंड के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।जेल सुपरिटेंडेंट डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया- मुस्कान को गायनिक वार्ड में भर्ती कराया गया था। HOD डॉ. शगुन के मुताबिक मुस्कान के बेटी का वजन ढाई किलो है। 5 डॉक्टरों ने मुस्कान की नॉर्मल डिलीवरी कराई।

मुस्कान अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या के जुर्म में 19 मार्च को बॉयफ्रेंड साहिल के साथ गिरफ्तार की गई थी। जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, वह डेढ़ महीने प्रेग्नेंट थी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह बच्चा किसका है- पति सौरभ का या बॉयफ्रेंड साहिल का।

सौरभ के बड़े भाई राहुल के मुताबिक – मुस्कान की बेटी हम लोग DNA टेस्ट कराएंगे। अगर वह बच्ची सौरभ की है, तो उसको हम लोग अपनाएंगे। मंगलवार सुबह डॉक्टर ने बताया- बच्ची स्वस्थ है, मुस्कान सुबह से बच्ची को गोद में लिए बैठी है। उसे लगातार दुलार रही है। मुस्कान बच्ची के लिए काफी खुश है।

मेरठ के ज्योतिषी राहुल अग्रवाल ने मुस्कान की बेटी की कुंडली बनाई। उनके मुताबिक- ये बच्ची आत्मविश्वासी, साहसिक और जीवन में विजय प्राप्त करेगी। जीवन में कठिन हालात से भी बाहर निकल आएगी। समाज में मान-सम्मान प्राप्त करेगी। बच्ची की शिक्षा भी उत्तम रहनी चाहिए। बच्ची का भविष्य संगीत, फैशन, पत्रकारिता और प्रशासनिक जैसे क्षेत्रों में सफल दिख रहा है।बच्ची का जन्म धनु राशि, पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र के चतुर्थ चरण में हुआ है। इस बच्ची का नाम, अक्षर नक्षत्र के हिसाब से ‘ढ’ अक्षर से निकलेगा। वैसे धनु राशि के अंतर्गत यशिका आदि नाम भी रखा जा सकता है।

न्यूज़ रिपोर्ट्स के मुताबिक सौरभ राजपूत हत्याकांड में आरोपी मुस्कान के बॉयफ्रेंड साहिल ने जेल स्टाफ से मंगलवार सुबह पूछा कि क्या मुस्कान की डिलिवरी हो गई है? उसको बेटा या बेटी क्या हुआ है? तब जेल स्टाफ ने उसे बताया कि मुस्कान को बेटी हुई है। वो ठीक है। मेरठ जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान मार्च 2025 को जेल लाई गई। वो प्रेगनेंट थी। उसने 24 नवंबर की देर शाम मेरठ मेडिकल अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया है। बच्ची का नाम शायद उसने राधा रखा है। अभी तक मुस्कान को चिंता थी कि उसकी बेटी कहां रहेगी, कैसे रहेगी? कौन उस बच्ची को रखेगा? लेकिन मुस्कान को ये बता दिया गया है कि 6 साल तक ये बच्ची जेल में अपनी मां के पास रह सकती है। जैसे अन्य महिला बंदियों के बच्चे जेल में रह रहे हैं, मुस्कान की बेटी भी रहेगी।

डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक मुस्कान के परिजन न तो मेडिकल अस्पताल में आए हैं, न ही उनकी तरफ से आज तक जेल में हमसे कोई संपर्क किया गया है। इसलिए बच्ची की दवाएं, कपड़े और जो भी जरूरी सामान है, उसकी व्यवस्था जेल प्रशासन की ओर से ही की जा रही है। यूपी जेल मैनुअल में प्रावधान है कि जेल में 6 साल तक का बच्चा अपनी मां, दादी के साथ रह सकते हैं। जेल में बच्चों के खेलने की व्यवस्था भी है। स्वास्थ्य विभाग से निशुल्क टीकाकरण कराया जाता है। बच्चे को पूरा इलाज और दवाएं मिलती हैं। आंगनबाड़ी में उसका पंजीयन होता है, उसे शिक्षामित्र और टीचर के जरिए यहीं पढ़ाया जाता है। डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज बोर्ड की सुरक्षा में मुस्कान और उसकी बच्ची है। डॉक्टर्स ही बताएंगे कि उसे कब डिस्चार्ज करना है। जब डॉक्टर्स अस्पताल से मुस्कान को छुट्‌टी देंगे, तब उसे पूरी सुरक्षा के बीच मेरठ जेल में लाया जाएगा। यहां जैसे अन्य बंदी महिलाएं अपने बच्चों के साथ रह रही हैं, वहीं मुस्कान उसकी बेटी को रखा जाएगा।

मुस्कान को देखने के लिए कई लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे। भीड़ उसे देखना और उसकी वीडियो शूट करना चाहती है। इसीलिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। उनको मुस्कान की देख-रेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। डॉक्टरों ने डिलीवरी के लिए 28 नवंबर की डेट दी थी। लेकिन, 4 दिन पहले ही मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया। मुस्कान की तरफ से कोई तीमारदार भी अस्पताल नहीं पहुंचा। केवल जेल पुलिस और लोकल पुलिस मौजूद है।बच्ची के लिए सारा सामान जेल से ही आएगा। ऑर्डर के मुताबिक, बच्ची को सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। बच्ची जेल में अपनी मां मुस्कान के साथ ही रहेगी।

पति सौरभ की हत्या की आरोपी मुस्कान 19 मार्च 2025 से मेरठ जिला जेल में है। सौरभ के परिवार का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट में अगर बच्ची सौरभ की निकली, तब ही वे उसे अपनाएंगे। नहीं तो उन्हें उससे मतलब नहीं होगा।सौरभ हत्याकांड का आरोपी और मुस्कान का बॉयफ्रेंड साहिल भी जेल में बंद है। वह जेल में खेती कर रहा। जेल में साहिल के बाल भी कट चुके हैं। उससे मिलने उसकी नानी और भाई ही जेल आए थे। जबकि मुस्कान से मिलने आज तक कोई नहीं गया। उसका परिवार उससे कोई ताल्लुक नहीं रखना चाहता।

मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में 3 मार्च को सौरभ की उसकी पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल राजपूत के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसकी लाश को नीले रंग के प्लास्टिक के ड्रम में भर दिया था। लाश को तीन टुकड़ों में काटकर ड्रम में डालकर सीमेंट और बालू के घोल से सील कर दिया था। 17 मार्च को इस केस का खुलासा हुआ था। सौरभ हत्याकांड के केस में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अब यह केस मेरठ जिला जज की कोर्ट में ट्रायल पर चल रहा है। इसमें लगातार सुनवाई हो रही है। अब तक 13 लोगों की गवाही हो चुकी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!