Breaking News Template intro for TV broadcast news show program with 3D breaking news text and badge, against global spinning earth cyber and futuristic style

गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे पर बनी एयरपोर्ट टनल में सोमवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और पूरी टनल काले धुएं से भर गई। धुएं के कारण टनल के अंदर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिससे वहां मौजूद वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि कार सवार समय रहते बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही टनल के प्रवेश और निकास द्वार पर तैनात दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। टनल में लगे ऑटोमैटिक फायर सेफ्टी सिस्टम भी सक्रिय हो गए, जिससे आग को फैलने से रोकने में मदद मिली।

टनल में फंसे वाहनों को सुरक्षित निकाला

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत टनल में नए वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया। बचाव दल ने अंदर फंसी गाड़ियों और यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके को खाली कराया गया।

दो घंटे तक प्रभावित रहा ट्रैफिक

हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की ओर लंबा जाम लग गया। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों और दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। टनल से धुआं निकालने के लिए एग्जॉस्ट सिस्टम को पूरी क्षमता से चलाया गया। करीब दो घंटे बाद स्थिति सामान्य होने पर यातायात दोबारा शुरू किया गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जांच में कार के इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और हाईवे अथॉरिटी की टीम टनल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी धुएं के बीच टनल में प्रवेश कर अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!