पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में एक और गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने मूसेवाला की रेकी करने वाले गैंगस्टर संदीप केकड़ा के भाई बिट्टू को पकड़ा है। बिट्टू को हरियाणा के डबवाली से गिरफ्तार किया है। उस पर मूसेवाला की रेकी करने का भी आरोप है। बिट्टू लॉरेंस के साथ जेल में रह चुका है। पुलिस उसकी काफी दिनों से तलाश कर रही थी।
सूत्रों के मुताबकि, बिट्टू सिंह मूसेवाला की गाड़ी पर ताबड़तोड फायरिंग करने वाले शूटरों में से एक प्रियव्रव्रत के संपर्क में था। इसके अलावा वह लॉरेंस के साथ जेल में भी रह चुका। दोनों भाई संदीप और बिट्टू लंबे समय से रेकी कर रहे थे।बिट्टू को पुलिस द्वारा मानसा लाया गया है। उसे जिला अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। उससे पूछताछ की जाएगी कि वह और किसके संपर्क में था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में करीब आधा दर्जन और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने शनिवार को ही मूसेवाला की हत्या करने वाले छठे शूटर दीपक मुंडी को उसके दो साथियों कपिल पंडित और राजिंदर जोकर के साथ पकड़ा था। वह दुबई जाने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले वह पकड़े गए।
बता दें कि मनसा के जवाहरके गांव में 29 मई 2022 को सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। कत्ल को उस समय अंजाम दिया गया था जब मूसेवाला अपनी थार जीप से गांव की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान उन्हें घेरकर आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसने उनकी मौत हो गई।
