हरियाणा में झज्जर के बहादुरगढ़ में रविवार सुबह एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार घटना के समय वह दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान 3 बदमाश आए और ताबड़तोड़ 2 से 3 गोलियां दुकानदार को मारीं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान परनाला गांव के रहने वाले 56 वर्षीय सतबीर के रूप में हुई है। उन्होंने एक साल पहले ही किराने की दुकान शुरू की थी। इससे पहले वह दूध बेचते थे। रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले को सतबीर के बेटे की लव मैरिज से जोड़कर देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि सतबीर के बेटे ने गांव में ही रिश्ते में भांजी लगने वाली लड़की से शादी की थी, लड़की वाले इस शादी को लेकर खुश नहीं थे। इसी के चलते इस हमले के होने का अंदेशा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह सतबीर ने अपने समय पर दुकान खोली। वह दुकान का सामान व्यवस्थित करने में जुटे हुए थे। इसी दौरान करीब साढ़े 6 बजे 3 बदमाश आए, और उन्होंने सतबीर पर गोलियां चला दीं। बदमाशों ने 2 से 3 गोलियां चलाई थीं, जिनमें से 2 गोलियां सतबीर को लगी हैं। सतबीर खून में लथपथ होकर दुकान में ही गिर गए थे, और उनकी मौत हो गई। उस समय उनके परिवार का कोई व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं था। लोगों ने पहले सतबीर के परिजनों को सूचना दी। फिर पुलिस को भी वारदात के बारे में बताया। सूचना मिलने के थोड़ी बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था, जिसने कुछ सबूत जमा किए हैं। साथ ही पुलिस ने पास लगे सीसीटीवी की फुटेज को भी कब्जे में लिया है, जिसमें आरोपियों के चेहरे दिख रहे हैं।

जिस दुकान में दुकानदार पर हमला हुआ, उसके बाहर एक CCTV लगा हुआ था, जिसमें यह घटना कैद हो गई है। इसमें दिख रहा है कि 3 युवक एक बाइक पर सवार होकर आए हैं। उनमें से लाल और नीली टीशर्ट पहने युवक के हाथ में पिस्टल है। वह बाइक से उतरता है और दुकान के अंदर मौजूद सतबीर पर गोली चलाता है।

वीडियो में दिख रहा है कि एक गोली चलने के बाद आरोपी की पिस्टल अटक जाती है। वह दुकान के बाहर ही खड़े होकर अपनी पिस्टल के लीवर को बार-बार खींचता है, लेकिन वह ठीक नहीं होती। थोड़ी देर में पिस्टल फिर से काम करती है तो आरोपी एक और फायर कर देता है।

आरोपी लगातार सतबीर पर फायरिंग करने की कोशिश करता है, लेकिन उसकी पिस्टल ठीक से काम ही नहीं करती। इसके बाद बाइक पर खड़ा उसका साथी उसे अपनी जेब से निकालकर मैगजीन देता है। मुख्य आरोपी उस मैगजीन को लोड कर फिर से एक फायर करता है। इसके बाद तीनों बाइक पर बैठते हैं, और हथियार लहराते व मोहल्ले में धमकियां देते हुए वहां से निकल जाते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मोहल्ले के अन्य लोग गली में खड़े होकर ही तमाशा देखते रहते हैं, लेकिन उनमें से कोई भी व्यक्ति दुकानदार की मदद के लिए नहीं आता। उनकी मौजूदगी में ही आरोपी बड़े आराम से अपना काम कर निकल जाते हैं। मृतक के भाई मोहर सिंह के मुताबिक करीब तीन महीने पहले सतबीर ने अपने लड़के की शादी, पड़ोस में ही रहने वाली लड़की से की थी। शादी के चक्कर में खूब बवाल हुआ था, लड़की वाले शादी को लेकर राजी नहीं थे। जैसे तैसे शादी तो हो गई लेकिन शादी के बाद लड़की के परिजन सतबीर और उसके पूरे परिवार को धमकियां देते रहते थे, उन्होंने पुलिस से भी सुरक्षा की गुहार लगाई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

वहीं, लाइनपार थाना एसएचओ पवन वीर के मुताबिक जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव के ही सागर और साहिल पर साथियों के साथ मिलकर हत्या का आरोप लगा है। दोनों परिवारों के बीच प्रेम विवाह को लेकर ही रंजिश थी। डीसीपी मयंक मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!