शंभू बॉर्डर पर 16 दिन से डटे किसान थोड़ी देर में दिल्ली कूच को लेकर फैसला ले सकते हैं। इस बारे में किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के कोऑर्डिनेटर सरवण पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत डल्लेवाल की अगुआई में शंभू बॉर्डर पर मीटिंग हो रही है। मंगलवार को दोनों ने अपने-अपने संगठनों से इस बारे में मीटिंग की थी।
वहीं हरियाणा पुलिस ने आंदोलन की आड़ में उपद्रव मचाने वालों के पासपोर्ट-वीजा रद्द करने की तैयारी शुरू कर दी है। हरियाणा पुलिस ने वहां लगे कैमरों और ड्रोन से उपद्रवियों की फोटो निकाली हैं। जिन्हें भारतीय एंबेसी में भेजा जा रहा है।
जहां इनके पासपोर्ट-वीजा रद्द करने के साथ इनकी पहचान भी कराई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अंबाला पुलिस इनकी फोटो पासपोर्ट ऑफिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी भेज रही है। मीडिया से बातचीत में अंबाला के डीएसपी जोगिंदर शर्मा ने इसकी पुष्टि की। हरियाणा पुलिस के इस फैसले से पंजाब के युवकों की दिक्कत बढ़ सकती है।
इससे पहले मंगलवार को आंदोलन में शामिल एक और किसान की मौत हो गई। इसी के साथ आंदोलन में मरने वालों की संख्या अब 8 हो गई है। वहीं, हरियाणा सरकार ने आंदोलन को देखते हुए अंबाला में इंटरनेट बंद करने का ऐलान किया है।
