हरियाणा के जींद जिले में मंगलवार रात को दो नकाबपोश बदमाशों ने खटकड़ टोल प्लाजा और उचाना मंडी में खाद-बीज की दुकान पर फायरिंग कर दहशत फैला दी. इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है, लेकिन बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है.

रात करीब 8 बजे खटकड़ टोल प्लाजा पर दो बाइक सवार युवक पहुंचे. दोनों ने टोपी और मास्क पहनकर अपने चेहरे छिपाए हुए थे. उन्होंने टोल मैनेजर के बारे में पूछताछ की और इसके बाद तीन राउंड हवाई फायर किए. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि फायरिंग के बाद एक बदमाश बाइक से उतरा और आसपास का जायजा लिया. इसके बाद दोनों बिना किसी डर के बाइक पर सवार होकर उचाना की ओर निकल गए. टोल कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची.

लगभग साढ़े आठ बजे, वही नकाबपोश बदमाश उचाना मंडी में बालाजी बीज भंडार के सामने पहुंचे. बाइक रुकते ही पीछे बैठे युवक ने दुकान के शीशे पर दो गोलियां दागीं. गोली चलाने के बाद बदमाश ने बाइक से उतरकर दुकानदार को बंदूक दिखाकर धमकी दी. दुकान मालिक सुरेंद्र गर्ग ने बताया कि वह अपनी दुकान पर सामान्य रूप से काम कर रहे थे. जब यह घटना हुई. उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और हमलावरों के चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी. घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी संजय, उचाना थाना प्रभारी और मंडी चौकी इंचार्ज राजबीर मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोल बरामद किया है. सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की हरकतें दर्ज हैं, लेकिन उनकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं होने से पहचान में मुश्किल आ रही है. चौकी इंचार्ज राजबीर ने बताया कि पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं जो बदमाशों की तलाश में जुटी हैं. पुलिस आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

पुलिस का कहना है कि यह मामला आपसी रंजिश या फिर फिरौती का हो सकता है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है. बदमाशों की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद जता रही है. फिलहाल, जींद में बढ़ती आपराधिक घटनाएं प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन रही हैं.

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!