नेशनल हाईवे-48 पर हरियाणा रोडवेज की बस और ट्रेलर की टक्कर में 2 महिला सहित तीन की मौत हो गई। 27 यात्री घायल हो गए। हादसा बीते दिन मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे कोटपूतली में आंतेला पुलिया के पास हुआ।पुलिस के अनुसार, हाईवे पर खड़े ट्रेलर को हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का ड्राइवर साइड का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।सूचना पर पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बस का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों को निकालने में काफी समय लगा।

ASP वैभव शर्मा के अनुसार भाबरू थाना क्षेत्र में आंतेला पुलिया के पास हुए हादसे में घायलों को अलग-अलग हॉस्पिटल लेकर गए। 20 घायलों को पावटा उपजिला अस्पताल लाया गया, जहां 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। इनमें शकीरा पत्नी कादिर खां निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश), रजिया खातून पत्नी मोहम्मद सुलेमान निवासी बेगूसराय (बिहार) और सुनील जैन शामिल थे। शव हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए।2 गंभीर घायलों को निम्स हॉस्पिटल रेफर किया गया जबकि 15 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।उधर, 6 अन्य घायलों का आंतेला सीएचसी और 2 का शाहपुरा उप जिला हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। 2 घायल प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के लिए गए।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज की बस जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। आंतेला पुलिया के पास खड़े ट्रेलर में पीछे से टकराई तो सवारियों में अफरा-तफरी मच गई।कई यात्री बस में बुरी तरह फंस गए। गैस कटर से बस के डैमेज हिस्से को काटकर यात्रियों को निकाला गया।हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। इसके बाद ट्रैफिक सुचारू किया गया।

पावटा उपजिला अस्पताल में भर्ती घायल मोहम्मद सुलेमान ने बताया- बस बहुत तेज रफ्तार में थी। खड़े ट्रेलर के बेहद करीब से गुजरते समय हादसा हो गया। कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।सुलेमान ने बताया-मैं जयपुर से धारूहेड़ा (हरियाणा) जा रहा था। मेरे साथ बेटा, बेटी, मां और पत्नी भी थीं। इस हादसे में मेरी पत्नी रजिया खातून की मौत हो गई। परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जयपुर भेजा गया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!