हरियाणा के पंचकूला में लिफ्ट के बहाने लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल और लूटपाट करने वाले शादीशुदा कपल की कहानी सामने आई है। दोनों की मुलाकात पिंजौर की एक गोशाला में हुई थी। दोस्ती प्यार में बदली, दोनों लिव-इन में रहने लगे और बाद में परिवार की सहमति से शादी कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के बाद दोनों चिट्टे के नशे के आदी हो गए। रोजाना नशे के लिए पैसों की जरूरत पड़ने लगी तो उन्होंने लोगों को जाल में फंसाकर पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। करीब चार महीने में दोनों ने 40 लोगों से करीब 4 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। हालांकि 20 जून 2026 को एक प्रवासी मजदूर की शिकायत के बाद पूरा गिरोह बेनकाब हो गया।
पुलिस के अनुसार, कैथल के सोलू माजरा निवासी बलवान पहले पिंजौर की गोशाला में गायों का इलाज करता था। वहीं हिमशिखा कॉलोनी निवासी सवनीत कौर अपने बीमार कुत्ते का इलाज कराने पहुंची थी। यहीं दोनों की मुलाकात हुई। फोन पर बातचीत शुरू हुई, जो प्यार में बदल गई। दोनों पहले लिव-इन में रहे और 18 जुलाई 2025 को शादी कर ली। सवनीत की पहले भी शादी हो चुकी है और उसका एक बेटा है।
ऐसे फंसाते थे शिकार
पुलिस के मुताबिक, सवनीत सड़क पर बाइक या कार सवार युवकों से लिफ्ट मांगती थी। रास्ते में किराए के बहाने कुछ रुपए और उनका मोबाइल नंबर ले लेती। अगले दिन पैसे लौटाने या मिलने के बहाने उन्हें सुनसान जगह बुलाती। वहां बलवान खुद को उसका पति बताकर पहुंच जाता और पत्नी को भगाने का आरोप लगाकर ब्लैकमेल करता। डर और बदनामी के भय से लोग नकद और ऑनलाइन पैसे दे देते थे।
जांच में पता चला कि दोनों जिस व्यक्ति से जितनी रकम वसूलते थे, उसका मोबाइल नंबर उसी रकम के साथ सेव कर लेते थे। लोकलाज के डर से किसी भी पीड़ित ने शिकायत नहीं की।
ऐसे खुला पूरा मामला
20 जून 2026 को एक प्रवासी मजदूर ने पुलिस में शिकायत दी। उसने बताया कि पंचकूला से अमरावती जाते समय उसने एक महिला को पिंजौर तक लिफ्ट दी थी। महिला ने पहले ऑटो किराए के लिए 50 रुपए ऑनलाइन लिए और बाद में पैसे लौटाने के बहाने उसे ईशर नगर बुला लिया।
वहां बलवान पहुंचा और खुद को महिला का पति बताते हुए शिकायतकर्ता को धमकाया। आरोप है कि दोनों उसे जबरन एटीएम ले गए, जहां उसके खाते से 22 हजार रुपए निकलवाए। इसके बाद मोबाइल और बाइक भी छीन ली तथा कार में बैठाकर लोहगढ़ इलाके में छोड़कर फरार हो गए।
पिंजौर थाना के जांच अधिकारी एएसआई विक्रमजीत ने बताया कि आरोपी बलवान पुलिस रिमांड पर है। उससे पूछताछ की जा रही है कि दोनों ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और क्या किसी व्यक्ति से एक से अधिक बार भी वसूली की गई। पुलिस ने दोनों के मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं।
