पानीपत जिले में एक नव विवाहिता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। शव को फंदे से लटका देख परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को फंदे से नीचे उतारा और सिविल अस्पताल भिजवाया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। सुसाइड नोट को पुलिस ने कब्जे में लिया। हालांकि सुसाइड नोट गुजराती भाषा में लिखा हुआ था। मामले की सूचना महिला के मायका पक्ष के लोगों को दी गई। सूचना मिलने पर शनिवार को गुजरात से मायका पक्ष के लोग पानीपत पहुंचे। मायका व ससुराल पक्ष के लोगों के एकमत बयानों के आधार पर पुलिस ने इस मामले में इतेफाकिया हादसा यानि सीआरपीसी की धारा 174ए के तहत केस दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
मामले की जानकारी देते हुए पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने बताया कि काबड़ी रोड गंगाराम कॉलोनी के रहने वाले दीपक की शादी करीब 8 माह पहले प्रिया शर्मा (23) के साथ हुई थी। प्रिया मूल रुप से यूपी के इटावा की रहने वाली है। मगर उसके पिता शिवकुमार शर्मा की नौकरी के चलते परिवार काफी समय पहले गुजरात शिफ्ट हो गया था।
वहीं पर ही प्रिया ने गुजराती सीखी थी। प्रिया ने दो दिन पहले घर में खुद को अकेला पाकर पंखे पर कपड़े का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रिया ने गुजराती बोली में सुसाइड नोट लिखा था। जिसको एक्सपर्ट एवं गुजरात में रहने वाले कई लोगों से पढ़वाया गया, जिसमें प्रिया ने लिखा था कि मैं अपनी मर्जी से यह कदम उठा रही हूं। मेरी आत्महत्या करने के पीछे कोई जिम्मेदार नहीं है। इसके लिए मैं खुद ही जिम्मेदार हूं। मैं काफी डिप्रेशन में हूं।
