हरियाणा की ओलिंपिक खिलाड़ी मनु भाकर को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का ब्रांड अम्बेसडर बनाया जाएगा। परिवहन, महिला एवं बाल विकास मंत्री असीम गोयल ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मनु भाकर ने ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतकर देश व प्रदेश में परचम लहराने का काम किया है। परिवहन मंत्री शुक्रवार को अम्बाला छावनी जिया वाटिका में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे।

परिवहन मंत्री असीम गोयल ने कहा कि खिलाड़ी मनु भाकर व सरबजोत सिंह ने ओलिंपिक में मैडल जीतकर देश व प्रदेश में परचम लहराने का काम किया है। इस बात का हर भारतवासी को गर्व है। हरियाणा की बेटी मनु भाकर ने दो कांस्य पदक जीते जोकि भारत के लिए बहुत ही गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि आज यह दोनों खिलाडी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह से मिले थे और मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।गोयल ने कहा कि यह उन मां-बाप के लिए गर्व की बात है, जिनके पास बेटियां है। हरियाणा की बेटी मनु भाकर ने विदेशी धरती पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। इससे अन्य खिलाड़ियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

मंत्री असीम गोयल ने विनेश फोगाट के प्रदर्शन की बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और आज हरियाणा में खिलाड़ियों को बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर मंडलायुक्त गीता भारती, उपायुक्त पार्थ गुप्ता, एसडीएम सतिन्द्र सिवाच, रिटायर्ड होम सैक्रेटरी डा एस.एस. प्रसाद के साथ-साथ अन्य लोग मौजूद रहे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!