Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मनीषा का अंतिम संस्कार कल सुबह 8 बजे:ग्रामीणों का धरना खत्म, दिल्ली AIIMS में पोस्टमॉर्टम; जांच जल्द CBI को सौंपी जाएगी

हरियाणा के भिवानी की लेडी टीचर मनीषा का कल अंतिम संस्कार किया जाएगा। मनीषा के दादा राम किशन ने कहा कि हमारी दोनों मांगें पूरी हो गई हैं। हम बेटी का अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। किसान नेता सुरेश कोथ ने कहा कि कल सुबह 8 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। उधर, ग्रामीणों ने धरना खत्म कर दिया।

बुधवार को तीसरी बार मनीषा का दिल्ली एम्स (AIIMS) में पोस्टमॉर्टम हुआ। करीब 2 घंटे तक पोस्टमॉर्टम चला। दोपहर को मनीषा की डेडबॉडी भिवानी से दिल्ली ले जाई गई थी। इस दौरान मनीषा के परिवार के 3 लोगों को भी पुलिस एस्कॉर्ट करके दिल्ली ले गई।

अब मनीषा की डेडबॉडी भिवानी के सिविल अस्पताल लाई जा रही है। यहां पर शव रखा जाएगा। इसके बाद सुबह शव गांव लाया जाएगा।

वहीं, CM नायब सैनी ने कहा कि परिवार की मांग पर जांच CBI को सौंपी जा रही है। इस मामले में पूरा न्याय किया जाएगा।

उधर, हरियाणा महिला आयोग की चेयरमैन रेणु भाटिया ढिगावा गेस्ट हाउस पहुंची। उन्होंने फोन पर परिवार से बात की। इसके साथ गांव के सरपंच और कमेटी से भी बात की। चेयरमैन ने कहा कि परिवार उनसे गेस्ट हाउस में मिल सकता है।

हालात बिगड़ने की आशंका से पुलिस भी हाईअलर्ट पर है। भिवानी और चरखी दादरी में 19 अगस्त की सुबह 11 बजे से 21 अगस्त सुबह 11 बजे तक इंटरनेट बंद किया जा चुका है। गांव से 5 किमी दूर दंगा रोकू वाहन, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और 3 जिलों की पुलिस फोर्स तैनात है।

Exit mobile version