Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भिवानी-चरखीदादरी में 2 दिन इंटरनेट बंद:ग्रामीण बोले- मनीषा का संस्कार नहीं होने देंगे, एंट्री गेट पर डेरा डाला; पिता बोले- दबाव बना सहमति ली

हरियाणा में भिवानी की लेडी टीचर मनीषा के आज होने वाले अंतिम संस्कार में पेंच फंस गया है। सोमवार देर रात प्रशासन से हुई मीटिंग के बाद परिवार के राजी होने की बात सामने आई थी।

मंगलवार सुबह इसका खुलासा होने पर भिवानी में ग्रामीणों की पंचायत हुई। उन्होंने इंसाफ मिलने तक मनीषा का अंतिम संस्कार न करने के लिए कहा। इसके लिए पिता संजय को भी समझाया कि पूरा गांव उनके साथ है। किसी के दबाव में न आएं।

अब भारी संख्या में ग्रामीणों ने गांव ढाणी लक्ष्मण को जाता रास्ता रोक दिया है। युवाओं के साथ महिलाएं भी गांव के एंट्री पॉइंट पर इकट्‌ठा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वह बिना इंसाफ मिले मनीषा का अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे।

माहौल को देखते हुए सरकार ने भिवानी और चरखी दादरी में इंटरनेट बंद कर दिया है। दोनों जिलों में 19 अगस्त यानी आज सुबह 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 11 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा।

प्रदेश गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने लॉ एंड ऑर्डर का हवाला देते हुए कहा कि सभी तरह के इंटरनेट और बल्क SMS बंद रहेंगे।

इसके अलावा दूसरे जिलों से भी भिवानी में पुलिस फोर्स मंगाई गई है। पानीपत से 108 कर्मचारियों वाली एक पुलिस कंपनी सुबह ही भिवानी भेजी जा चुकी है।

इसी बीच चरखी दादरी में सर्वजातीय फोगाट खाप ने भी इमरजेंसी पंचायत बुला ली है। जिसमें मनीषा के मामले को लेकर आगे का फैसला लिया जाएगा।

Exit mobile version