हरियाणा में भिवानी की लेडी टीचर मनीषा की मौत के मामले में अब नया मोड आ गया है, सोमवार देर रात प्रशासन की कमेटी और परिवार के साथ कई घंटे बैठक चली, जिसके बाद मनीषा के परिजन आज अंतिम संस्कार करने के लिए मान गए। साथ ही उन्होंने धरना स्थगित करने का भी फैसला ले लिया।
बैठक खत्म होने के बाद मृतका के पिता संजय ने कहा कि कमेटी ने समाज के हित में निर्णय लिया है। हम बेटी का अंतिम संस्कार पूरे मान-सम्मान के साथ करेंगे। प्रशासन अपना काम कर रहा है और हम उससे संतुष्ट हैं। बता दें कि परिवार लगातार पुलिस पर आरोप लगा रहा था कि मर्डर को आत्महत्या में तब्दील किया जा रहा है, वहीं बीती रात हुई मीटिंग के बाद मनीषा के पिता ने पुलिस द्वारा आत्महत्या की बात कहे जाने पर कहा- कुल मिलाकर सब ठीक है, आगे की कार्रवाई चल रही है। वहीं, एसडीएम ने कहा है कि कमेटी के साथ परिवार ने भी मान लिया है कि मनीषा ने आत्महत्या की थी।
हालांकि, इस मीटिंग के बाद धरने पर बैठे एक ग्रामीण ने कहा कि कमेटी पर दबाव बनाया गया है जिस कारण ये फैसला हुआ है।
इससे पहले मेडिकल रिपोर्ट में मौत की वजह कीटनाशक पीना बताई गई थी। साथ ही पुलिस की इस रिपोर्ट पर परिवार ने भरोसा नहीं जताया था। उनका आरोप था कि पुलिस मामले को आत्महत्या बताकर दबाना चाहती है। दादा रामकिशन ने कहा था कि पोती की हत्या हुई है और अगर यह आत्महत्या है तो साबित किया जाए। मनीषा की मां ने भी इंसाफ की मांग की थी।
मीटिंग खत्म होने के बाद एसडीएम मनोज कुमार ने कहा कि मनीषा के शरीर में ऐसी कोई भी चीज नहीं मिली जिससे रेप की पुष्टि हो सके। सभी निष्कर्ष के बाद कमेटी व परिवार इस बात पर सहमत हो गया की बेटी ने सुसाइड किया है। वह बेटी के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए भी राजी हो गए हैं।
साथ ही उन्होंने कहा- जो लोग बाहर से आ रहे थे उनके जहन में तस्वीर कुछ और थी। वे यहां आ रहे थे और कैंडल मार्च भी निकल रहे थे। बेवजह पुलिस व प्रशासन पर शक ना करें। क्योंकि सभी चीजें तथ्यात्मक रूप से जोड़ी गई हैं। इसलिए सभी शांति बनाए रखें, ताकि हम इस बेटी का ठीक से अंतिम संस्कार कर सकें और यही बेटी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
