रोहतक। भाजपा नेता एवं हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने ईद और पटाखों से होने वाले प्रदूषण को लेकर विवादित टिप्पणी की है। रोहतक के सेक्टर-4 में आयोजित विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कुछ एंटी हिंदू लोगों ने यह भ्रम फैला रखा है कि पटाखे जलाने से प्रदूषण होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ईद पर बकरे काटे जाते हैं, तब प्रदूषण क्यों नहीं होता?
मनीष ग्रोवर ने कहा कि हिंदू समाज के त्योहारों को लेकर ही प्रदूषण का मुद्दा उठाया जाता है। उन्होंने कहा कि पटाखे जलाने से मजदूरों की जेब में पैसा जाता है और देश का पैसा देश में ही रहता है। उनके अनुसार, हादसों के डर से लोगों को खुशियां मनाना नहीं छोड़ना चाहिए। भगवान राम के आने की खुशी मनाना गलत नहीं है।
‘ईद पर बकरे कटते हैं, तब प्रदूषण कहां जाता है’
पूर्व मंत्री ने कहा कि ईद के दौरान दुनियाभर में बड़ी संख्या में बकरे काटे जाते हैं और खून निकलता है, लेकिन उस समय प्रदूषण को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल हिंदू त्योहारों के दौरान ही प्रदूषण का मुद्दा उठाते हैं।
‘दिल्ली-NCR में इमारतों के कारण बढ़ रहा प्रदूषण’
प्रदूषण के मुद्दे पर ग्रोवर ने कहा कि दिल्ली-NCR में जमीन पर बड़ी-बड़ी इमारतें बन गई हैं, जिससे हवा का प्रवाह प्रभावित होता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदूषण के लिए केवल पटाखों को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि पटाखे जलाने से किसी की रोजी-रोटी चलती है और पैसा देश में रहता है।
दिशा की बैठक में सांसद पर लगाए गुंडागर्दी के आरोप
दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक को लेकर भी मनीष ग्रोवर ने सांसद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बैठक में सवाल विधायक से नहीं, बल्कि सांसद से पूछा गया था। उनके मुताबिक, दिशा की बैठक का उद्देश्य केंद्र सरकार से मिलने वाले फंड और उससे होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा करना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान बाहरी लोगों को बुलाकर अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। ग्रोवर ने कहा कि बैठक में इस तरह की गतिविधियां उचित नहीं हैं।
भूपेंद्र हुड्डा पर भी साधा निशाना
पूर्व मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हुड्डा के सिर से मुख्यमंत्री बनने का सपना उतर नहीं रहा है और वह अब भी खुद को मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद में देख रहे हैं। ग्रोवर ने दावा किया कि 2047 तक भी ऐसा होने वाला नहीं है।
विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम में दिया बयान चर्चा में
रोहतक के सेक्टर-4 में आयोजित विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम में मनीष ग्रोवर शामिल हुए थे। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। इसी दौरान ईद, पटाखों से होने वाले प्रदूषण और प्रदेश की राजनीति को लेकर दिए गए उनके बयानों ने चर्चा को जन्म दे दिया।

