हिसार के कैंप चौक के पास बुधवार सुबह करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति बिजली के पोल के पास से गुजर रहा था। जैसे ही उसका हाथ पोल से संपर्क में आया, तेज करंट की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी समय जोरदार धमाका हुआ और व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
करंट का झटका इतना तेज था कि व्यक्ति जमीन पर भी नहीं गिरा। उसका एक हाथ पोल की ओर ही फंसा रह गया और शव दीवार के सहारे खड़ा रह गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
खुले तारों को बताया जा रहा हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली के पोल के ऊपर से गुजर रही लाइन के कई तार खुले और नीचे लटके हुए थे। फ्लेमिंगो टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के पास स्थित इस पोल पर व्यक्ति का हाथ इन तारों की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसे संभलने या पीछे हटने का मौका भी नहीं मिला।
घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि खुले तारों को समय रहते ठीक किया जाता तो इस हादसे से बचा जा सकता था।
मृतक की पहचान नहीं हुई
पीएलए चौकी प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 44 वर्ष प्रतीत हो रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस पहचान के प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि यदि 72 घंटे के भीतर मृतक की पहचान नहीं होती है तो नियमानुसार पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
