दिल्ली। आउटर नॉर्थ दिल्ली के नरेला स्थित बांकनेर में बृहस्पतिवार सुबह करीब 6 बजे एक जिम के बाहर प्राॅपर्टी डीलर की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनीपत के राई विधानसभा क्षेत्र के नाहरी गांव निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई है।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद मौके पर मृतक के रिश्तेदार और दोस्त जमा हो गए हैं और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रमोद कुमार सुबह करीब छह बजे जिम करने के लिए जा रहे थे। वह जैसे ही जिम के बाहर पहुंचे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से प्रमोद कुमार से मोटी रकम की रंगदारी मांगी जा रही थी। उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। इसके बाद बताया जा रहा है कि वह नरेला में रहने वाले अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी में चलने लगे थे। इसके बावजूद बदमाशों ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और जिम के बाहर उन्हें निशाना बना दिया।
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किस गिरोह ने प्रमोद कुमार को निशाना बनाया। पुलिस रंगदारी की मांग और धमकी को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस की कई टीमें हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि हरियाणा निवासी मुकुल प्रॉपर्टी का संचालक 42 वर्षीय प्रमोद कुमार अपने गांव में मुकुल गार्डन के नाम से बैंक्वेट हाॅल है और प्रॉपर्टी का ही काम करता था।

