बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खाप पंचायतों और किसान यूनियनों की ओर से दिए गए 13 अगस्त के अल्टीमेटम के आखिरी दिन पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हमलावर गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित निवासी भाटला और उसके साथी साहिल निवासी सिंघवा राघो को काबू किया है।
हालांकि, पुलिस ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि दोनों आरोपियों को कहां से गिरफ्तार किया गया। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी सूर्यनगर निवासी रमेश शर्मा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।
पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी रमेश शर्मा को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिसार के मार्गदर्शन में 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। ये टीमें हरियाणा के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी लगातार दबिश दे रही थीं।
अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार
सूर्यनगर में हुए इस हत्याकांड में हिसार पुलिस अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
एसपी सिद्धांत जैन के अनुसार, मामले में वांछित सभी आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। इसका उद्देश्य आरोपियों को देश से बाहर भागने से रोकना है। पुलिस आरोपियों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रख रही है।
पीड़ित परिवार की सुरक्षा बढ़ाई
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले में 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पीड़ित पक्ष की सुरक्षा को देखते हुए पीड़ित को व्यक्तिगत सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा, पीड़ित के निवास स्थान पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परिवार की सहायता और पुनर्वास के लिए रोजगार उपलब्ध करवाने के संबंध में भी आवेदन किया गया है।
3 पॉइंट्स में जानिए पूरा विवाद
- बेहोश होने तक पीटा था
सूर्यनगर इलाके में 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे डेयरी संचालक जीवन कुंडू पर पड़ोसियों ने हमला किया था। जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान करीब 10 से 12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। हमले में जीवन गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन जीवन को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
- मौत से पहले का वीडियो आया था सामने
जीवन का मौत से पहले का करीब 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था। इसमें उसके दोनों पैरों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
वीडियो में जीवन ने पड़ोसी रमेश और उसके साथ मौजूद कई युवकों का जिक्र किया था। उसने मोल्हड़ नाम के युवक का भी नाम लिया था। जीवन ने आरोप लगाया था कि हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और उसकी टांग तोड़ दी।
- गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर उसका पड़ोसी रमेश शर्मा से विवाद हुआ था।
जीवन रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।
इसके कुछ दिन बाद जीवन अपनी डेयरी में खोर बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला किया था।
इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था। बाद में विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और 4 अगस्त को जीवन पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उसकी मौत हो गई।



