रोहतक। सिविल अस्पताल रोहतक में देर रात वॉशरूम जाने के दौरान एक महिला मरीज और उसकी मां पहली मंजिल से करीब 10 से 12 फीट नीचे गिर गईं। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं। दोनों का फिलहाल सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार सोनिया अपने हाथ का ऑपरेशन करवाने के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती हुई थी। उसका एक दिन पहले ही दाहिने हाथ का ऑपरेशन हुआ था। देर रात उसे वॉशरूम जाना था। सोनिया का कहना है कि वॉशरूम की ओर जाने वाली जगह पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी। वह अपनी मां अमनी देवी के साथ वॉशरूम गई।
सोनिया के अनुसार, वॉशरूम का दरवाजा खोलकर जैसे ही उसने अंदर पैर रखा, वह अचानक नीचे जा गिरी। उसके गिरने की आवाज सुनकर उसकी मां ने उसे बचाने के लिए हाथ बढ़ाया और नीचे पैर रखते ही वह भी उसी जगह गिर गई।
करीब आधे-पौने घंटे बाद निकाला गया
अमनी देवी ने के मुताबिक हादसे के बाद वह पाइप के सहारे ऊपर आई और लोगों को घटना की जानकारी दी। उनका आरोप है कि करीब आधे से पौने घंटे बाद अस्पताल प्रशासन ने नीचे से दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद सोनिया को उपचार दिया गया और टीका लगाया गया।
परिजनों के मुताबिक, जिस जगह दोनों गिरीं, वहां पानी और सीवर की पाइपलाइन से संबंधित डक बनी हुई है। उनका आरोप है कि वहां दरवाजा खुला था और उस पर ताला नहीं लगा हुआ था।
ऑपरेशन वाले हाथ में लगी चोट, एक्स-रे नहीं होने का आरोप
सोनिया के मुताबिक उसके दाहिने हाथ का एक दिन पहले ही ऑपरेशन हुआ था और हादसे में उसी हाथ में चोट लगी है। उसका कहना है कि अभी तक हाथ का एक्स-रे भी नहीं किया गया है। सोनिया ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि हादसे की जिम्मेदारी तय की जाए और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल में इस तरह की खुली जगह मरीजों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। उनका कहना है कि ऐसी जगहों के दरवाजों पर ताला लगाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई अन्य मरीज या उसके परिजन हादसे का शिकार न हों।
अस्पताल में चल रहा है मरम्मत का काम
मामले को लेकर सीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र ने बताया कि अस्पताल में मरम्मत का काम चल रहा है। इसके चलते सीवर और पानी की पाइपलाइन वाली डक के दरवाजे की चाबियां पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों के पास हैं।
सीएमओ ने कहा कि रात को हुए हादसे की जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
