महाभारत’ में कर्ण का रोल निभाकर मशहूर हुए पंकज धीर ने 68 की उम्र में आखिरी सांस ली. उनके दोस्त फिरोज खान ने इसे कन्फर्म किया है. बुधवार को 11 बजकर 30 मिनट पर पकंज का निधन हुआ. रिपोर्ट्स के अनुसार पकंज धीर कैंसर से पीड़ित थे. हालांकि वो इसके बाद ठीक हो गए थे लेकिन बाद में उनका कैंसर फिर लौट आया था. इस बीमारी की वजह से उन्हें एक लंबी सर्जरी से भी गुजरना पड़ा था जिसके बाद उनकी हालत नाजुक हो गई थी.
इस खबर से हर कोई सदमे में है. फिरोज खान ने एक वेब पोर्टल से बात करते हुए कहा- हां, ये सच है कि पकंज धीर अब इस दुनिया में नहीं हैं. मैंने एक अच्छे दोस्त को खो दिया है. वो बहुत अच्छे इंसान थे. मैं व्यक्तिगत तौर पर उन्हें जानता था. पकंज के निधन से मैं सदमे में हूं.
बता दें, पंकज धीर ने कई फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया. लेकिन पहचान मिली बी.आर. चोपड़ा के हिट टीवी सीरियल ‘महाभारत’ से. इस सीरियल में इन्होंने दुर्योधन के दोस्त का किरदार निभाकर लोगों के दिलों पर ऐसी छाप छोड़ी कि इन्हें अभी तक फैंस कर्ण के नाम से बुलाते थे. महाभारत में मरने वाले सीन को इन्होंने इतने दमदार तरीके से निभाया था जिसे देखकर लोग रोने लगे थे.
पंकज धीर ने ‘महाभारत’ में दानवीर कर्ण का किरदार निभाकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि इसके बाद स्कूल की किताबों में कर्ण के किरदार के रूप में पंकज धीर की तस्वीरों का इस्तेमाल किया जाने लगा था. हालांकि कर्ण से पहले उन्हें अर्जुन का रोल दिया गया था लेकिन मूंछ कटवाने के नाम पर उन्होंने बी. आर चोपड़ा को साफ इनकार कर दिया था जिसके बाद उन्हें कर्ण का रोल दिया गया. जिसे उन्होंने यादगार बना दिया.
