हरियाणा के सीनियर IPS वाई. पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर आत्महत्या करने वाले ASI संदीप लाठर के परिवार ने पोस्टमॉर्टम से इनकार कर दिया है। परिवार के लोग बिना पोस्टमॉर्टम कराए संदीप का शव रोहतक के लाढ़ौत गांव में मामा के घर रखकर बैठे हैं। उनका कहना है कि जब तक केस दर्ज नहीं होगा, हम पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी परिवार को सांत्वना देने के लिए लाढ़ौत गांव पहुंचे।
ASI संदीप लाठर ने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे धामड़ रोड पर अपने मामा के खेतों में बने कोठड़े की छत पर सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले संदीप लाठर ने एक वीडियो बनाया और 4 पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा। संदीप ने IPS वाई. पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
संदीप कुमार मूल रूप से जींद जिले के जुलाना के वार्ड नंबर 4 के रहने वाले थे। फिलहाल वह रोहतक के लाढ़ौत रोड पर अपने मामा बलवान देशवाल के घर रहते थे। वह पिछले एक साल से रोहतक के साइबर सेल में तैनात थे। रविवार को वह जुलाना अपने घर आए थे। आज सुबह वह ड्यूटी पर नहीं आए तो साथी कर्मचारियों ने उन्हें कॉल किए। संदीप के मामा बलवान देशवाल के खेत में पिछले 15 साल से काम कर रहे जैलदार के मुताबिक वह खेत में बने कोठड़े (कमरा) में रहता हैं। मंगलवार दोपहर 1 बजे मैं नहर के पास गया था। जब वापस आया तो कोठड़े के पास गोली चलने की आवाज आई। मैं तुरंत दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा तो वहां देखा कि संदीप ने खुद को गोली मार रखी है। मैंने तुरंत बलवान के बेटे अजीत को फोन कर घटना की सूचना दी। संदीप के मामा बलवान देशवाल के बेटे संजय देशवाल ने बताया कि भाई (संदीप) 2-3 दिन से परेशान चल रहा था। रविवार को भी हमारी बात हुई थी। आज भी हम 2 घंटे साथ में रहे थे। उसके चेहरे पर परेशानी झलक रही थी और उसकी आंखों के नीचे डार्क सर्किल बन गए थे। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होगी, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
ASI संदीप लाठर को तत्कालीन एसपी IPS नरेंद्र बिजारणिया का विश्वासपात्र माना जाता रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी मर्डर केस समेत कई बड़ी वारदात को सुलझाने में ASI संदीप की भूमिका रही। कई ईनामी बदमाशों को भी संदीप लाठर ने पकड़ा था।
7 अक्टूबर को IPS वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ में अपनी कोठी पर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। चंडीगढ़ पुलिस की SIT 11 अक्टूबर को रोहतक आई थी, जिसने इस केस में जुड़े लोगों से पूछताछ की थी। IG ऑफिस में कार्यरत रहे रीडर श्याम सुंदर व ASI सुनील को नोटिस भी देकर चंडीगढ़ बुलाया गया था। श्याम सुंदर पिछले दो-तीन दिन से छुट्टी पर रहे और सुनील का ट्रांसफर भिवानी हो चुका है। संदीप लाठर से भी पूछताछ हुई। उसके बाद भी वो लगातार ड्यूटी पर जा रहा था।
