लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड ने हरियाणा के सोनीपत जिले के एक परिवार की खुशियां छीन ली। जिले के महज 23 वर्षीय भविष्य शर्मा की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। भविष्य ने हाल ही में अपने सपनों को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए लखनऊ स्थित एक प्रतिष्ठित एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान में नौकरी जॉइन की थी।

परिवार और गांव के लोगों को उम्मीद थी कि भविष्य अपने हुनर के दम पर नई पहचान बनाएगा, लेकिन नौकरी शुरू होने के महज 8 दिन बाद ही हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव महिपुर में शोक की लहर दौड़ गई और हर किसी की जुबान पर भविष्य की असमय मौत की चर्चा रही।

जानकारी के अनुसार खरखौदा क्षेत्र के गांव महिपुर के भविष्य शर्मा ने एनीमेशन का प्रोफेशनल कोर्स किया हुआ था। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे लखनऊ स्थित एक एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान में नौकरी मिली थी। परिवार के लिए यह खुशी का मौका था, क्योंकि भविष्य ने अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन नौकरी जॉइन करने के कुछ ही दिनों बाद हुए अग्निकांड ने उसके सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया।

लखनऊ की कोचिंग में आग लगने की घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें 5 महिलाएं और 10 पुरुष हैं। ज्यादातर 20 से 30 साल के स्टूडेंट्स हैं। जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह अवैध थी। इसे गिराने का आदेश 2016 में हुआ था, लेकिन बाद में निरस्त कर दिया गया था।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया- बिल्डिंग मालिक को नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा गया है। इसके बाद बिल्डिंग पर बुलडोजर चलेगा। बिल्डिंग रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर वीरेंद्र समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

LDA के 4 अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है। बिल्डिंग को अनुमति देने वाले 16 अफसरों पर भी कार्रवाई हो सकती है। बिल्डिंग में फायर सेफ्टी की कोई व्यवस्था नहीं थी। इमरजेंसी में बाहर निकलने के लिए कोई अलग रास्ता नहीं था। हादसे के वक्त छत का दरवाजा भी बंद था, इसलिए लोग बाहर नहीं निकल पाए और दम घुटने से जान चली गई।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, ऑफिस का मुख्य गेट थंब इम्प्रेशन से खुलता था। आग फैलने के बाद गेट ऑटोमैटिक लॉक हो गया था। उसे खोलने में देरी हुई, जिसकी वजह से हादसा और गंभीर हो गया। हादसा सोमवार दोपहर 2:30 बजे अलीगंज इलाके में एसी में ब्लास्ट के कारण हुआ।

40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पर काबू पाया। SDRF-NDRF ने 7 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दीवारें तोड़कर शवों को बाहर निकाला। मरने वालों में यूपी के 11 लोग हैं। इनमें लखनऊ के 8, कानपुर के 2 और बाराबंकी का 1 व्यक्ति शामिल है। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के 2 और मध्य प्रदेश-हरियाणा के सोनीपत के 1-1 लोगों की जान गई है।

संस्थान में अचानक लगी आग की चपेट में आने से भविष्य शर्मा की मौत हो गई। हादसे की सूचना जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा कि घर का युवा बेटा इतनी कम उम्र में इस दुनिया को छोड़कर चला गया।

परिजन लखनऊ पहुंचने के बाद भविष्य शर्मा के शव को लेकर गांव महिपुर लेकर आएंगे। गांव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों का लगातार पहुंचना जारी है।

भविष्य शर्मा की असमय मौत से गांव महिपुर सहित पूरे खरखौदा क्षेत्र में गहरा दुख है। ग्रामीणों, मित्रों और परिचितों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। गांव के लोगों का कहना है कि भविष्य मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था, जिसने अपने दम पर करियर बनाने की राह चुनी थी। उसकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!