सोनीपत जिले के कुंडली स्थित निफ्टेम (NIFTEM) कॉलेज में कार्यरत एक सिक्योरिटी गार्ड पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड कृष्णपाल ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान हुए विवाद के बाद एक सहकर्मी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।पीड़ित कृष्णपाल, निवासी गांव कुंडली, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कॉलेज के गेट नंबर-2 पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान कॉलेज में कार्यरत एक अन्य सिक्योरिटी गार्ड अतुल ने उन्हें अपनी ड्यूटी पोस्ट छोड़कर दूसरी जगह जाने के लिए कहा। अधिकारियों के निर्देशों का हवाला देते हुए कृष्णपाल ने पोस्ट छोड़ने से इनकार कर दिया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि जाते समय अतुल ने रात को देख लेने की धमकी दी।

शिकायत के अनुसार, रात करीब 10 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब कृष्णपाल स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी कॉलेज के बाहर अतुल अपने पांच साथियों के साथ कार और बाइक पर वहां पहुंचा और उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सभी ने जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कृष्णपाल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।घटना के बाद घायल को पहले नागरिक अस्पताल सोनीपत ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

कुंडली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अतुल और उसके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!