हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी तथा उनके पति वीर साहू के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर नए मोड़ पर पहुंच गया है। घरेलू हिंसा के आरोपों के बाद मामला अदालत तक पहुंचा, लेकिन अब दोनों की सोशल मीडिया पोस्ट ने रिश्ते को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

सपना चौधरी ने हाल ही में दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया कि वैवाहिक जीवन के दौरान उनके साथ कई बार मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया, जिसके चलते उन्हें ससुराल छोड़ना पड़ा। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना से किसी भी माध्यम से संपर्क न करने के निर्देश दिए थे। साथ ही उनके घर, कार्यस्थल और आसपास जाने पर भी रोक लगाई गई थी।

कोर्ट के आदेश के बाद दोनों के बीच मतभेद सोशल मीडिया पर भी दिखाई दिए। सपना ने एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “यू जस्ट बिकम बहरा एंड मेंटेन ऑन योर चेहरा”, जबकि वीर साहू ने जवाबी अंदाज में लिखा, “अच्छी सूरत को संवरने की जरूरत क्या है?”। इन पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के तलाक की अटकलें तेज हो गई थीं।

हालांकि गुरुवार को दोनों की ओर से साझा की गई नई पोस्ट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। सपना चौधरी ने गौशाला से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके गीत “आंख्या में” के बोल सुनाई देते हैं – “मन्ने थोड़ी-थोड़ी तेरे पै मर लेन दें ना, आंख्या में मन्ने पिया बस लेण दें ना…”। इस वीडियो को देखकर कई प्रशंसक हैरान रह गए और इसे वीर साहू के प्रति भावनाएं व्यक्त करने से जोड़कर देखने लगे।

वहीं वीर साहू ने भी गौशाला में गोवंश की सेवा करते हुए एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने आध्यात्मिक और भावुक संदेश दिया। रील में वह कहते नजर आए कि उन्होंने अपने जीवन का भार ईश्वर और गौ माता को सौंप दिया है। इसके अलावा उन्होंने एक और रील साझा की, जिसमें रागिनी के बोलों के जरिए अपने मन की भावनाएं व्यक्त करते दिखाई दिए।

इन पोस्टों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या दोनों के रिश्तों में सुधार की संभावना है या फिर यह केवल भावनात्मक अभिव्यक्ति है। हालांकि अदालत में मामला अभी विचाराधीन है और दोनों की ओर से रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

उल्लेखनीय है कि सपना चौधरी की फिल्म ‘मोमाकू’ जल्द रिलीज होने वाली है। अदालत में उनकी ओर से यह भी आशंका जताई गई थी कि किसी सार्वजनिक कार्यक्रम या फिल्म के प्रीमियर के दौरान विवाद की स्थिति बन सकती है। फिलहाल कोर्ट के निर्देश लागू हैं और मामले की अगली सुनवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!