रोहतक: शहर की दुर्गा कॉलोनी में करीब 28 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पंखे से फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान कुसुम पत्नी छविकांत के रूप में हुई है। मामले में मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोग रोहतक पीजीआई के डेड हाउस पहुंचे, जहां शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद मायके पक्ष ने शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं लेंगे। मायके पक्ष आज एसपी से मुलाकात कर न्याय की मांग कर सकता है।
9 महीने तक मायके में रही कुसुम: मृतका के पिता राजकुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी करीब 9 महीने तक मायके में रही। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच दो बार पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग कुसुम को रखने के लिए तैयार नहीं हुए। राजकुमार के अनुसार, 15 अगस्त को ससुराल पक्ष के लोग कुसुम को जबरन अपने साथ ले गए। इसके महज दो दिन बाद उसकी मौत की सूचना मिली।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप: मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने पुलिस से मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
राजकुमार ने कहा कि पुलिस ने दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक परिवार शव नहीं लेगा। परिजन इस मामले को लेकर एसपी से भी मिलने की तैयारी में हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच: सिविल लाइन थाना प्रभारी महेंद्र ने बताया कि दुर्गा कॉलोनी में महिला के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई जारी है और आरोपियों को जल्द काबू कर पूछताछ की जाएगी।पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
