भिवानी व आसपास के जिलों से राजस्थान के खाटू श्याम की तरफ यात्रा करने के लिए जाने वाले भक्तों को बाबा के जन्मदिन के मौके पर बड़ी सौग़ात मिली है। अब भक्त महज 90 रुपए में भिवानी से खाटू श्याम के लिए सुहाना सफर कर सकेंगे। दरअसल से खाटू श्याम के लिए रेलगाड़ी की शुरुआत की गई है। बता दें कि भिवानी व आसपास के जिलों से हर रोज खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए हजारों लोग सडक़ मार्ग से राजस्थान पहुंचते हैं। वहीं अब भिवानी से खाटू श्याम के लिए सीधी रेल सेवा शुरू हो गई है। भिवानी से लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ने रेल को हरी झंडी दिखाकर खाटू श्याम के लिए रवाना किया। यह रेलगाड़ी हर रोज भिवानी से सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर चलेगी तथा दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर खाटू श्याम पहुंचेंगी। भिवानी से चलकर यह रेलगाड़ी चरखी दादरी, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, निजामपुर व रींगस होते हुए जयपुर पहुंचेगी।
सांसद धर्मबीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के बाद देश में रेलवे व सडक़ मार्गों के विस्तार व सुधार के लिए सराहनीय कार्य की जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिसार में एयरपोर्ट शुरू होने से इलाके के लोगों को काफी फायदा मिलेगा। इसके लिए भिवानी के बामला गांव के पास बड़ा हब बनेगा। इससे क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा। धर्मबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा में हो रहे विकास के चलते दिल्ली के आसपास का हर उद्योगपति दिल्ली छोड़कर हरियाणा का रुख कर रहा है।
भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि इस ट्रेन के चलने के बाद भिवानी से खाटू श्याम का रेल मार्ग से सीधा संपर्क बन पाएगा। इससे खाटू श्याम के भक्तों के में खुशी की लहर है। उन्होंने बताया कि खाटू श्याम के दर्शन के लिए हजारों भक्त भिवानी से राजस्थान जाते हैं। अब यह ट्रेन शुरू होने से उनका सफर काफी आरामदायक बनेगा। इस मौके पर भिवानी स्टेशन अधीक्षक जीके गुप्ता ने कहा कि यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 5:45 पर भिवानी से चलेगी। करीब 10 बजे यह गाड़ी रिंगस और दोपहर 12:20 बजे दहलका बालाजी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन रात 10.10 बजे भिवानी स्टेशन पर वापस पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि खाटू श्याम जाने वाले भक्तों को इस ट्रेन के रूप में बड़ा तोहफा मिला है।
भिवानी जंक्शन के वाणिज्य अधीक्षक हाेशियार सिंह ने बताया कि भिवानी-ढेहर का बालाजी स्पेशल रेलसेवा के उद्घाटन अवसर पर शुक्रवार काे पहले दिन भिवानी से 400 यात्रियाें ने टिकट लेकर अपनी यात्रा प्रारंभ की। कुल 400 यात्रियाें में से अकेले रिंगस के लिए 200 श्रद्धालुअाें ने सफर किया। उद्घाटन रेलसेवा के पहले दिन रेलवे काे 42,500 रुपये की अाय हुई। उन्हाेंने बताया कि भिवानी से नारनाैल के लिए किराया 60 रुपये, रिंगस के 90 रुपये ढेहर का बाला जी के लिए 105 रुपये प्रति व्यक्ति किराया राशि है।
