हरिद्वार से कांवड़ लेकर फरीदाबाद लौट रहे हरियाणा के एक कांवड़िए पर उत्तराखंड के मंगलौर में हमला कर दिया गया। आरोप है कि उसकी कार की टक्कर से एक कांवड़ खंडित होने के बाद गुस्साई भीड़ ने कार को चारों ओर से घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान चालक के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कार पर लाठियां बरसाते और उसकी छत पर चढ़कर कूदते नजर आ रहे हैं।

कांवड़ खंडित होने के बाद भड़की भीड़

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद निवासी सोनू अपनी एस्प्रेसो कार (HR38AC4479) से हरिद्वार कांवड़ लेने गया था। शनिवार रात करीब 8 बजे जल भरकर लौटते समय नेशनल हाईवे-58 पर मंगलौर के गोल्डन ढाबे के पास उसकी कार की टक्कर से एक कांवड़ खंडित हो गई। इसके बाद वहां मौजूद कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

कार के शीशे तोड़े, छत पर कूदकर किया नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ ने कार को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। कार के सभी शीशे तोड़ दिए गए, पीछे का दरवाजा मोड़ दिया गया और एक युवक कार की छत पर चढ़कर लगातार कूदता रहा, जिससे छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। विरोध करने पर सोनू को कार से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की गई।

वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग कार पर लाठियां बरसाते और उसे नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल सोनू को थाने ले जाया गया, जहां उसकी शिकायत पर मंगलौर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया कि कमेलपुर (रुड़की) निवासी राजा उर्फ राजेश तोड़फोड़ और हंगामे का मुख्य आरोपी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल 2-3 अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!