बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई आतंकी हमले पर पोस्ट के बाद अभिनेत्री को धमकी दी गई है। कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम के जरिए खुद इस बात की जानकारी दी। कंगना ने कहा कि मुझे विघटनकारी ताकतों की तरफ से निरंतर धमकियां मिल रही हैं। बठिंडा के शख्स ने मुझे खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है। कंगना ने इसको लेकर पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है और पंजाब सरकार से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ‘मैं इस तरह की गीदड़ भभकी या धमकियों से नहीं डरती। देश के खिलाफ षड्यंत्र करने वालों और आतंकी ताकतों के खिलाफ बोलती हूं, हमेशा बोलती रहूंगी। वह चाहे बेगुनाह जवानों के हत्यारे नक्सलवादी हो, टुकड़े टुकड़े गैंग हो या आठवें दशक में पंजाब में गुरूओं की पावन भूमि को देश से काटकर खालिस्तान बनाने का सपना देखने वाले विदेशों में बैठे हुए आतंकवादी हो।’
उन्होंने पोस्ट के जरिए बताया कि मुंबई हमले के शहीदों को याद करते हुए बीते दिए किए गए पोस्ट को लेकर विघटनकारी ताकतों की तरफ से मुझे निरंतर धमकियां मिल रही हैं। अभिनेत्री ने कहा कि बठिंडा के एक भाई साहब ने तो मुझे खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है। कंगना ने बताया कि मैंने धमकी देने वालों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज की है। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार भी जल्द कार्रवाई करेगी।
इसके साथ ही कंगना ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंजाब सरकार को निर्देश देने की मांग की। पोस्ट में अभिनेत्री ने लिखा, ‘मैं कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया जी को भी याद दिलाना चाहूंगी कि आप भी एक महिला है, आपकी सास इंदिरा गांधी जी इसी आतंकवाद के खिलाफ अंतिम समय तक मजबूती से लड़ीं। कृपया पंजाब के अपने मुख्यमंत्री को निर्देश दें कि वह इस तरह के आतंकवादी, विघटनकारी और देशविरोधी ताकतों की धमकी पर तुरंत कार्रवाई करें।’
कंगना ने कहा कि ‘लोकतंत्र हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार किसी भी पार्टी की हो, लेकिन देश की अखंडता, एकता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा और विचारों की अभिव्यक्ति का मौलिक अधिकार हमें बाबासाहेब अम्बेडकर के सविंधान ने दिया है। अभिनेत्री ने कहा कि मैंने किसी भी जाति, मजहब, या समूह के बारे में कभी कोई अपमानजनक या नफरत फैलाने वाली बात नहीं की है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘देश मेरे लिए सर्वोपरि है, इसके लिए मुझे बलिदान भी देना पडे़ तो मुझे स्वीकार्य है, लेकिन मैं ना डरी हूं और ना कभी डरूंगी। देश के हित में और गद्दारों के खिलाफ खुलकर बोलती रहूंगी।’ कंगना रनौत ने आखिर में लिखा, ‘पंजाब में चुनाव होने वाले हैं, इसके लिए कुछ लोग मेरी बात को संदर्भ के बिना प्रयोग कर रहे हैं। अगर मुझे भविष्य में कुछ भी होता है तो उसके लिए नफरत की राजनीति व बयानबाजी करने वाले ही पूरी तरह उत्तरदायी होंगे।’
