हरियाणा के सिरसा शहर में एक फास्ट फूड संचालिका युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया कि एक युवक ने उस पर कमेंट करते हुए “जट्ट दी पसंद, जटणी होणी” कहा, जिसके बाद उसने युवक को पकड़ लिया और मौके पर जमकर हंगामा हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवती युवक को धक्का देती हुई दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर को शहर के लाल बत्ती चौक के नजदीक हुई। युवती ने बताया कि आरोपी युवक पहले उसकी बर्गर शॉप पर काम करता था, लेकिन करीब दो महीने पहले उसकी हरकतों के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।
युवती का आरोप है कि युवक उसके बारे में लोगों के बीच झूठी बातें फैलाता है और खुद को उसका बॉयफ्रेंड या पति बताता है। इतना ही नहीं, वह उसे देखकर अश्लील और भद्दे गाने गाता है तथा लगातार परेशान करता है।
पीड़िता के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12 बजे भी युवक उसकी दुकान के बाहर आया था और वही गाना गा रहा था। उस समय उसे समझाकर भेज दिया गया था। लेकिन बुधवार को दोबारा आने और टिप्पणी करने पर उसने उसे पकड़ लिया, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई और विवाद बढ़ गया।
युवती ने बताया कि वह घर लौटते समय भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती और अक्सर अपने भाइयों के साथ घर जाती है। उसका कहना है कि युवक लगातार उसका पीछा करता है और उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा है।
पीड़िता ने यह भी दावा किया कि उसने कई बार युवक के पिता से शिकायत की। पिता ने भी माना कि बेटे की हरकतों से उसकी बेइज्जती हो रही है और उसे समझाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
युवती का कहना है कि उसने पहले भी पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने पर सूचना देने को कहा था, लेकिन हर बार पुलिस पहुंचने से पहले वह फरार हो जाता है। फिलहाल युवती ने मामले में औपचारिक शिकायत देने की बात कही है।
