हरियाणा के पंचकूला में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान की रविवार देर शाम हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय के रूप में हुई है। वह ड्यूटी के बाद सेंटर स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था, तभी अचानक गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद पंचकूला के भानू स्थित ITBP कैंप में शोक की लहर दौड़ गई।
अजय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की किरावली तहसील के बामन गांव का निवासी था। वह पिछले तीन वर्षों से पंचकूला के भानू ITBP सेंटर में तैनात था। जानकारी के अनुसार, जल्द ही उसका ट्रांसफर होने वाला था।
अजय वर्ष 2010 में ITBP में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुआ था और लगभग 16 वर्षों की सेवा पूरी कर चुका था। उसे जल्द ही हवलदार पद पर प्रमोशन मिलने वाला था, लेकिन इससे पहले ही उसका आकस्मिक निधन हो गया।
अजय अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।
उनका पार्थिव शरीर सोमवार देर रात उनके पैतृक गांव पहुंचेगा, जहां मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा।

परिवार में अजय अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। उसका बड़ा बेटा करीब साढ़े 12 साल का है। अजय का बड़ा भाई भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में सेवारत है।
जानकारी के अनुसार, अजय ग्लेशियर क्षेत्र में तैनाती के दौरान ग्लूकोमा जैसी गंभीर आंखों की बीमारी से भी पीड़ित हो गया था। इसके बावजूद उसने कभी अपनी ड्यूटी से पीछे हटना स्वीकार नहीं किया और लगातार देश सेवा में जुटा रहा।
जवान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं ITBP के अधिकारियों और उसके साथियों ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए उसे श्रद्धांजलि दी है।
