हरियाणा के हिसार जिले में जिंदल स्टील लिमिटेड में एक कर्मचारी ने दूसरे कर्मचारी पर जाति को लेकर अभद्र कमेंट किया। एक एससी जाति से संबंध रखने वाले कर्मचारी ने ऊंची जाति के कर्मचारी का पेन मांगा तो कर्मचारी ने कमेंट कर दिया कि अब इस पेन को गंगाजल से धोकर ही प्रयोग करना पड़ेगा। अर्बन इस्टेट थाना पुलिस ने मामले में जवाहर नगर वासी रोहताश कुमार की शिकायत पर जेएसएल के कर्मचारी बालकिशन शर्मा के खिलाफ एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में रोहताश ने बताया कि वह पिछले 33 सालों से जिंदल कंपनी का कर्मचारी रहा है और अब उसे बिना कारण बताए हटा दिया गया है, इस एवज में उन्होंने लघु सचिवालय के आगे धरना लगाया हुआ है। गुरुवार को कंपनी द्वारा उनको दस्तावेजों पर साइन करने के लिए बुलाया गया था। रोहताश कुमार के अनुसार, उसके पास उस समय पेन नहीं था तो उसने आरोपी बालकिशन से पेन मांग लिया। बालकिशन शर्मा ने उसको पेन तो दे दिया।
लेकिन जब उसने पेन वापस किया तो बालकिशन ने कहा कि अब वह इस पेन को कभी प्रयोग नहीं करेगा, अगर प्रयोग करेगा तो भी गंगाजल से धोकर ही प्रयोग करेगा। रोहताश कुमार के अनुसार, आरोपी ने जानबूझकर उस पर जाति को लेकर इस तरह की अभद्र टिप्पणी की है, जिससे उसके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। पुलिस ने आरोपी बालकिशन शर्मा के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
