रोहतक की नई अनाज मंडी में धान को लेकर दो आढ़ती आपस में भिड़ गए। जिसके बाद एक आढ़ती ने अपने बेटे के साथ मिलकर दूसरे आढ़ती पर हमला कर दिया। इस हमले में घायल आढ़ती राजकुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं पुलिस ने दोनों बाप-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

रोहतक की नई अनाज मंडी निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि धान खरीद का सीजन चल रहा है। किसान धान लेकर आ रहे हैं, जिसके कारण मंडी में धान की भीड़ भी है। एक किसान ने उसके यहां धान डाला हुआ था। जबकि उसके पड़ोसी आढ़ती का धान भी उसके पास ही बोरियों में बंद रखा हुआ था।

उसने बताया कि किसान द्वारा डाला गया खुला धान पड़ोसी आढ़ती की बोरी में चला गया। रात को करीब साढ़े 8 बजे किसान के धान का तोल कर रहे थे तो मजदूरों ने पड़ोसी आढ़ती की बोरियों को हटाकर अपने धान को एकत्रित करना चाहा, लेकिन इसी दौरान पड़ोसी आढ़ती आ गया और मजदूरों को मना कर दिया।

राजकुमार ने बताया कि उसने पड़ोसी आढ़ती से कहा कि यह खुला धान किसान का है और उसे इकट्‌ठा करने दें तो वह झगड़े पर उतारू हो गया। इसी दौरान आढ़ती ने अपने बेटे को भी बुला लिया। जिसके बाद दोनों बाप-बेटे ने गाली-गलौज की। साथ ही दोनों ने लात-घूंसे से मारपीट शुरू कर दी।

उन्होंने कहा कि आरोपी ने हाथ में ली हुई कुंडी (हुक) से उसकी आंख पर वार कर दिया। गनीमत रही कि कुंडी आंख पर लगने की बजाय थोड़ा नीचे चेहरे पर जा लगी। जिसके कारण उसकी आंख तो बच गई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई। इसके बाद दोनों राजकुमार को बोरियों पर गिराकर मारपीट करने लगे।

राजकुमार ने बचने के लिए शोर मचाया तो आसपास के किसान व आढ़ती एकत्रित हो गए और उन्होंने छुड़वाया। दोनों बाप-बेटों ने जान से मारने की धमकी भी दी। झगड़े में चोट लगने के कारण वह बेहोश भी हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने आरोपी आढ़ती खजान सिंह व उसके बेटे सोनू के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!