रोहतक शहर में बुधवार को सीवरमैन सफाई इकाई कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर शहर में प्रदर्शन किया, जिसमें कर्मचारियों के नन्हे-नन्हे बच्चे भी शामिल हुए। बच्चे नारे लिखी पट्टियों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। सभी लोग प्रदर्शन करते हुए DC कार्यालय तक पहुंचे, जहां पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए। वहीं कर्मचारियों की हड़ताल से सीवरों की सफाई व्यवस्था भी ठप पड़ी है।

सीवरमैन सफाई इकाई कर्मचारी संघ के प्रधान सुनील कुमार ने कहा कि 110 सीवरमैन, ऑपरेटर व सुपरवाइजर जन स्वास्थ्य विभाग में पिछले 15-20 सालों से कार्य कर रहे हैं। जब कौशल रोजगार निगम बनाया गया है तो इसमें सभी कर्मचारियों को शामिल किया जाए, लेकिन जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उनकी सेवाओं को अनदेखा कर रहे हैं।

साथ ही अपने चहेतों को नौकरी पर रख रहे हैं। अधिकारियों ने अपने चहेतों व 35 कर्मचारियों का पंजीकरण किया है, जबकि 75 सीवरमैन, ऑपरेटर व सुपरवाइजरों का पंजीकरण नहीं किया गया। जब तक उन सभी का पंजीकरण नहीं हो जाता, वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। वे पिछले करीब 9 दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं।

कर्मचारियों ने मांग की कि बाकी बचे हुए 75 सीवरमैन, ऑपरेटर व सुपरवाइजरों का भी कौशल रोजगार निगम में पंजीकरण किया जाए। सभी कर्मचारियों को समान वेतन दिया जाए और बकाया वेतन भी तुरंत प्रभाव से दें। जिन कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया, उनका भी बकाया वेतन दिया जाए। यदि कर्मचारियों की मांग को एक सप्ताह में पूरा नहीं किया तो वे कर्मिक अनशन शुरू करेंगे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!