रोहतक के गांधी कैंप स्थित गुरुद्वारा बाज साहिब के पाठी, प्रधान व संगत पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपी ने पाठी व संगत को घर पर फेरी के लिए बुलाया था, लेकिन पहले ही कई घरों में फेरी होने से आरोपी के घर पहुंचने में देरी हो गई। जब फेरी पहुंची तो वहां पहले से ही किसी दूसरे गुरुद्वारा की फेरी आ चुकी थी।
जिसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गुरुद्वारा बाज साहिब के पाठी तरंजीत सिंह, प्रधान राकेश कुमार व करीब एक दर्जन से अधिक संगत पर हमला कर दिया। प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों ने पाठी तरंजीत सिंह की पगड़ी उतारी और दाढ़ी भी पकड़कर फाड़ने का प्रयास किया।

गुरुद्वारा के प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि जिस घर से पहले न्योता आता है उस घर में फेरी की जाती है। रविवार को फेरी घर पर बुलाने के लिए 5 न्योते पहले ही आ चुके थे। वहीं, आरोपी का बेटा आया और कहा कि रविवार को फेरी उनके घर लानी है। जिस पर देरी होने की बात कही थी, क्योंकि पहले ही 5 घरों से न्योता आ चुका था। जिस पर आरोपी का बेटा मान गया और पाठी ने भी फेरी के लिए हामी भर दी।
उन्होंने कहा कि वे सुबह करीब साढ़े आठ-पौने नौ बजे आरोपी के घर पर पहुंचे। जहां पर पहले ही किसी अन्य गुरुद्वारे की फेरी आई हुई थी। जब उनकी फेरी पहुंची तो आरोपी ने उनसे देरी से आने की बात पर झगड़ा आरंभ कर दिया। पाठी ने झगड़ा करने से मना किया लेकिन उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की।
गुरुद्वारा प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि वे पुलिस में SI के पद से सेवानिवृत्त हैं और अब वे गुरुद्वारा में प्रधान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी व्यक्ति गुरुद्वारा पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए अलग-अलग हथकंडे अपना रहा है। करीब 5 साल पहले भी आरोपी द्वारा इस तरह की हरकत की गई थी।

प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि जब पाठी पर हमला हो रहा था तो वे बचाव के लिए गए, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। यहां तक कि पाठी की कृपाल से भी हमला किया। साथ ही आरोपी अपनी पिस्तौल लेकर आया और गोली मारने की धमकी दी। इस हमले में घायल पाठी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
