रोहतक | 17 नवंबर
रोहतक के सेक्टर-4 में सुबह दूध लेने जा रही महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने सोने की चेन झपटने की कोशिश की। महिला ने विरोध करते हुए चेन पकड़ ली, जिससे चेन टूटकर दो हिस्सों में हो गई। आरोपी चेन का एक हिस्सा और लॉकेट लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान महिला ने आरोपियों की बाइक पकड़ ली, जिससे बाइक नीचे गिर गई। आरोपी बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले।
पीड़ित महिला मंजूला पत्नी जयदीप सिवाच ने मामले की शिकायत अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह साढ़े 6 बजे दूध लेने जा रही थी महिला
महिला ने पुलिस को बताया कि 17 नवंबर को सुबह करीब साढ़े 6 बजे वह हरकी देवी कॉलोनी के कच्चे रास्ते से डेयरी में दूध लेने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और साइड में बाइक रोककर नीचे उतर गए।
आरोपियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। महिला ने चेन पकड़कर विरोध किया तो चेन दो हिस्सों में टूट गई। चेन का एक हिस्सा नीचे गिर गया, जबकि आरोपियों के हाथ में दूसरा हिस्सा और लॉकेट रह गया।
बाइक पकड़ने पर गिर गई, आरोपी फरार
महिला के अनुसार, चेन लेकर आरोपी बाइक पर बैठकर भागने लगे तो उसने उनकी बाइक पकड़ ली। इस दौरान बाइक नीचे गिर गई। आरोपी बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
महिला ने बताया कि एक आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसका चेहरा नहीं देख पाई। जबकि दूसरे आरोपी को सामने आने पर पहचान सकती है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश व मामले की जांच की जा रही है।
